उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें फर्जी प्रमाण पत्रों के जरिये नौकरी हथियाने का खेल पकड़ा गया है। यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित के फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर भर्ती के आरोप में 8 सिपाही पकड़े गए हैं। इसमें एक महिला और सात पुरुष सिपाही शामिल हैं। सभी आरोपी सिपाही फिलहाल प्रतापगढ़ जनपद में तैनात हैं। प्रतापतगढ़ पुलिस ने इनके विरुद्ध धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा अग्रिम कार्यवाही की तैयारी भी तेज हो गई है।
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में मिर्जापुर के 8 अभ्यर्थी आश्रित पदों पर भर्ती हुए थे। इसमें खुशबू गुप्ता, शुभम दुबे, प्रदीप कुमार, आकाश मिश्रा, अजय कुमार, अभिषेक पांडेय, दिव्यांशु यादव और रविशंकर शामिल हैं।आरोप है कि इन सभी आरोपियों ने खुद को स्वतंत्रा संग्राम सेनानी आश्रित दर्शाते हुए फर्जी प्रमाण पत्र लगाए थे। इस तरह आश्रित कोटे में सभी को आसानी से नौकरी मिल गई।
