नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। उदयपुर फाइल्स फिल्म के निर्माता और उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना अध्यक्ष अमित जानी को 24 घंटे में दूसरी बार धमकी मिली है। अमित जानी का दावा है कि 24 घंटे में दूसरी बार उन्हें हत्या की धमकी मिली है है। यह धमकी पहला मामला दर्ज होते ही मिली है। अमित जानी ने जोधपुर पुलिस अधिकारियों से तत्काल मुकदमा दर्ज कर धमकी देने वाले को गिरफ्तार करने की मांग की है।
नोएडा सेक्टर 35 निवासी अमित जानी ने जोधपुर के रावनाडा थाना पुलिस को शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने कहा, “मैं फिल्म निर्माता हूं। मुझे 18 जून को पाकिस्तानी आतंकवादी शहजाद भट्टी द्वारा धमकी दी गई है, जिसकी सूचना मैंने पुलिस को दी है। इसके बाद दोबारा मुझे मेरे मोबाइल पर गुरुवार देर रात 11.06 बजे धमकी दी गई। धमकी देने वाले ने खुद को सलमान खान का फैन बताया है। फोन करने वाले ने 3 दिन में मर्डर करने की धमकी दी है।”
अमित जानी ने अपनी शिकायत में लिखा, “मैं जोधपुर में इस समय ठहरा हूं। मुझे 24 घंटे के अंतराल में दो बार हत्या की धमकी मिली है। कृपया धमकी देने वाले को गिरफ्तार करने और मेरा मुकदमा दर्ज करने का कष्ट करें। मुझे आशंका है कि धमकी देने वाला आतंकवादी भी हो सकता है। इसलिए धमकी देने वाले को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।”
18 जून को आईएएनएस से बातचीत में अमित जानी ने कहा था, ”काला हिरण’ का टीजर हम लोग रिलीज कर चुके हैं। सलमान खान हमारी फिल्म को रोकने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में गए हुए हैं। 19 जुलाई को मामले की सुनवाई है। इससे पहले भी हजारों लोगों ने डी कंपनी के नाम से मुझे कई धमकियां दीं। हमने उन धमकियों को गंभीरता से नहीं लिया, क्योंकि यह उनके टूलकिट गैंग का हिस्सा है, जो पेड है। हमने पहले भी कहा था कि सलमान दो मोर्चों पर खड़े हैं। एक तरफ वह कानूनी कार्रवाई का दिखावा कर रहे हैं और कोर्ट में नोटिस दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ हजारों लोगों से धमकियां दिलवा रहे हैं।”
अमित जानी ने आगे कहा, ”जब मैं रात 12 बजे जोधपुर पहुंचा तो शहजाद भट्टी, जिसे भारतीय एजेंसियों ने आतंकवादी घोषित किया है और जो आईएसआई के लिए काम करता है, उसने मुझे मैसेज किया। मैंने जवाब नहीं दिया तो उसने फिर मैसेज किया और कहा कि वह शहजाद भट्टी है और मुझसे बात करना चाहता है। इसके बाद उसका फोन आया। मैंने फोन उठाया तो उसने बताया कि उसे जानकारी है कि मैं जोधपुर में हूं। इससे मुझे लगा कि वह मेरी रेकी कर रहा है। इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई एंटी गैंग वाले मेरे घर और ऑफिस पर हमले की साजिश रच चुके हैं। हरियाणा के डीजीआई ने भी बताया था कि वहां के चार गैंग मुझे मारना चाहते हैं और किसी भी समय हमला कर सकते हैं। इसी वजह से मुझे गृह मंत्रालय की ओर से सुरक्षा दी गई है।”
उन्होंने कहा, ”शहजाद भट्टी ने मुझे करीब 20 से 25 मैसेज किए। उसने हथियारों की तस्वीरें भी भेजीं और कहा कि न तो लॉरेंस बिश्नोई से दोस्ती है और न ही सलमान खान से दुश्मनी, तो मैं बीच में क्यों आ रहा हूं? उसने कहा कि अगर मैं उनके साथ दोस्ती करूं तो फिल्म में जितना पैसा लगा है, उससे ज्यादा पैसा दे देंगे। अगर दुश्मनी करूंगा तो वे भारत, पाकिस्तान, कनाडा या दुनिया में कहीं भी किसी को भी मार सकते हैं। उसने मुझे बम धमाके में मारने और मेरी लोकेशन पता होने की बात भी कही। उसने कहा कि मेरे नाम की सुपारी दी गई है। वह लगातार मुझे फिल्म ‘काला हिरण’ रिलीज न करने की धमकी दे रहा है और कह रहा है कि अगर फिल्म रिलीज हुई तो उसकी मेरे साथ दुश्मनी हो जाएगी।’
–आईएएनएएस
ओपी/वीसी
