भारत-फ्रांस साझेदारी भरोसे और स्थिरता की मिसाल : पीएम मोदी


नई द‍िल्‍ली, 18 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पिछले 12 वर्षों में भारत की आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे से जुड़ी उपलब्धियों को रेखांकित किया।

पीएम मोदी ने पेर‍िस में मौजूद भारतीयों को संबोध‍ित करते हुए कहा क‍ि यह पेरिस शहर लाइट्स का शहर है, रंगों का शहर है। यहां आर्ट है, आइडियाज हैं और इनोवेशन की प्रेरणा भी है। इस शहर को भारत के अलग-अलग राज्यों से आए आप सभी लोग और भी खूबसूरत बनाते हैं, नए-नए रंगों से भर देते हैं। कोई तमिल है, कोई पंजाबी है, कोई गुजराती है तो कोई मराठी है। भारत के हर कोने का प्रतिनिधित्व यहां दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि आज मैं ऐसे समय में फ्रांस आया हूं, जब कुछ ही दिन पहले हमारी सरकार के 12 वर्ष पूरे हुए हैं। चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 12 वर्ष तक देश की सेवा करना मेरे जीवन का बहुत बड़ा सौभाग्य रहा है। ये भारत के लोकतंत्र की शक्ति है, जिसने एक चायवाले को यहां तक पहुंचा दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा क‍ि मैं आप सभी के लिए भारत से 140 करोड़ देशवासियों की शुभकामनाएं लेकर आया हूं। इस आत्मीय स्वागत के लिए मैं आप सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। इन 12 वर्षों की उपलब्धियों में एक उपलब्धि ऐसी भी है जिसे किसी आंकड़े से या अंक से नहीं मापा जा सकता, वह है 140 करोड़ भारतीयों का आत्मविश्वास। आज का भारत और आज के भारत का युवा बहुत बड़े सपने देख रहा है। भारत का किसान नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत की महिलाएं नए नेतृत्व का परिचय दे रही हैं। इसलिए ये सिर्फ उपलब्धि के 12 साल नहीं हैं, ये भारत की आकांक्षाओं को नई बुलंदी देने का काल रहा है।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता और उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। ऐसे मुश्किल समय में, फ्रांस और भारत की साझेदारी भरोसे, स्थिरता और सहयोग का एक मजबूत आधार बन गई है। इस साल हमने भारत और फ्रांस के रिश्तों को ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिया है। भारत और फ्रांस को कनेक्ट करने वाली एक और चीज है, वो है फुटबॉल। इस वक्त यहां फुटबॉल फीवर पूरे जोर पर है। फ्रांस में इसकी दीवानगी चप्पे-चप्पे में दिखती है, लेकिन भारत में भी फुटबॉल का क्रेज सिर चढ़कर बोलता है। खासतौर पर फ्रांस की टीम के फैन्स भारत में बहुत अधिक हैं। फ्रांस ने इस वर्ल्ड कप की शुरुआत एक जोरदार जीत से की है। मैं फ्रांस की टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।

–आईएएनएस

एवाई/एबीएम


Related Articles

Latest News