पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके विधायक पुत्र प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक प्रतीक भूषण सिंह के निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात युवक ने फोन कर उन्हें और उनके पिता को हत्या की धमकी दी। मामले की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सदर विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की तरफ से नगर कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक 14 जून को क्षेत्र भ्रमण के दौरान दोपहर करीब 2:22 बजे विधायक के मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन उठाते ही दूसरी ओर से युवक ने कहा, “तुम्हें और तुम्हारे पिता दोनों को जान से मारने का इंतजाम हो चुका है। खुद को बचा सकते हो तो बचा लो।” करीब 35 सेकेंड तक चली बातचीत के बाद कॉल काट दी गई।
धमकी मिलने के बाद विधायक ने तत्काल पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की तकनीकी टीम को जांच में लगाया गया। विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की तहरीर पर नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। तहरीर में कहा गया है कि विधायक और उनका परिवार पूर्व से विभिन्न आपराधिक गिरोहों एवं असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहा है। ऐसे में एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि और उनके परिवार को मिली यह धमकी गंभीर सुरक्षा चुनौती है।
