हिटलर वाले बयान पर घिरे रेवंत रेड्डी, विपक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना


हैदराबाद, 7 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने कहा कि हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (हाइड्रा) के नाम के लिए उन्होंने नाजी तानाशाह एडोल्फ हिटलर से प्रेरणा ली थी। उनके इस बयान के बाद भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

बेंगलुरु में ‘द हिंदू’ समूह के निदेशक एन. राम के साथ बातचीत के दौरान रेवंत रेड्डी ने कहा, “हाइड्रा हिटलर का पसंदीदा शब्द था। उसकी एक कोर टीम हाइड्रा कहलाती थी, जो किसी की भी हत्या कर सकती थी। इसलिए मैंने हिटलर से प्रेरणा लेकर इसका नाम हाइड्रा रखा।”

तेलंगाना सरकार ने वर्ष 2024 में हाइड्रा की स्थापना सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और हैदराबाद क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से की थी। एजेंसी अब तक झीलों, नालों, पार्कों और सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाकर करीब 2,182 एकड़ भूमि मुक्त कराने का दावा कर चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत 80,000 करोड़ रुपये बताई गई है।

हालांकि, विपक्षी दल लंबे समय से हाइड्रा की कार्रवाई पर सवाल उठाते रहे हैं और आरोप लगाते हैं कि एजेंसी गरीबों के मकानों को निशाना बना रही है। बीआरएस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि उनकी पार्टी सत्ता में लौटने पर सबसे पहले हाइड्रा को खत्म करने का फैसला करेगी।

रेवंत रेड्डी के बयान पर बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव (केटीआर) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि तेलंगाना की जनता पहले से जानती थी कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा हिटलर है और हाइड्रा उनकी “असैसिनेशन एजेंसी” है। उन्होंने कहा कि बीआरएस ने हमेशा डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान, महात्मा गांधी के विचारों और प्रोफेसर जयशंकर के सपनों को शासन का आधार बनाया।

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने भी मुख्यमंत्री के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस की “हिटलर और आपातकाल वाली मानसिकता” एक बार फिर सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी को अपने बयान पर शर्मिंदगी जताते हुए तेलंगाना की जनता से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।

वहीं, भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि जो लोग हिटलर का अनुसरण करते हैं, उनका अंत भी वैसा ही होता है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री को खुली बहस की चुनौती भी दी।

रामचंदर राव ने महबूबनगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्रियों जी. किशन रेड्डी और बंदी संजय कुमार पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई टिप्पणियों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की भाषा उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है और इसमें अहंकार झलकता है।

–आईएएनएस

डीएससी


Related Articles

Latest News