राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायबरेली के द्वारा शनिवार को जिला कारागार में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अमित मिश्रा ने कारागार में निरुद्ध बंदियों से मुलाकात कर उनके खानपान, रहन-सहन, चिकित्सीय सुविधाओं, लीगल ऐड क्लीनिक तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता की भी समीक्षा की। प्रभारी सचिव ने जेलर हिमांशु रौतेला से जेल में बंद कैदियों की स्थिति, रखरखाव एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही बंदियों की समस्याएं सुनकर उनके विधिक अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अमित मिश्रा ने बंदियों को बताया कि जेल में किसी भी प्रकार की विधिक समस्या होने पर वे कारागार में स्थापित लीगल ऐड क्लीनिक के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।उन्होंने बंदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकतानुसार विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। शिविर में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल राजकुमार सिंह, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल योगेश चन्द्र, उपकारापाल अंकित गौतम तथा सुमैया परवीन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
