मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शनिवार रात की सख्त चेतावनी ने अपना रंग दिखा दिया है। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में कहा था कि जिला नहीं संभाल पा रहे हैं तो बता दें, लापरवाही पर सीधी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस सख्त चेतावनी के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस अपराधियों पर कहर बनकर टूटी और पिछले 24 घंटे में 10 मुठभेड़ों में एक बदमाश को ढेर करने के साथ 20 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिस 50 हजार के ईनामी अपराधी को ढेर किया गया, वह असद है जिसने गाजियाबाद में बकरीद के दिन मामूली विवाद में छात्र सूर्या की हत्या कर दी थी। इनके साथ गिरफ्तार किए गए अधिकतर अपराधियों को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी है। इनमें फिरोजाबाद में दो वर्षीय मासूम को पटक-पटककर जान लेने वाला हत्यारा जितेंद्र पाठक भी शामिल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देर शाम कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए राज्य के कुछ जिलों में पिछले दिनों हुईं बड़ी आपराधिक घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने वाराणसी, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, लखनऊ के डीएम व पुलिस कमिश्नरों और जौनपुर, पीलीभीत, बागपत व गाजीपुर के डीएम व एसपी को जमकर फटकार लगाई थी। डीजीपी राजीव कृष्णा की मौजूदगी में सभी को अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि अगर जिला नहीं संभाल पा रहे हैं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
