सिंगापुर ओपन 2026: मौजूदा वर्ल्ड चैंपियंस को हराकर मेंस डबल्स के फाइनल में पहुंची सात्विक-चिराग की जोड़ी


सिंगापुर, 30 मई (आईएएनएस)। भारत की शीर्ष मेंस डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शनिवार को सिंगापुर ओपन बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड सीरीज सुपर 750 टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने कोरिया के वर्ल्ड चैंपियन किम वोन हो और सियो सेउंग जे के खिलाफ 21-19, 21-18 से जीत दर्ज की। यह मुकाबला 52 मिनट तक चला।

भारतीय जोड़ी ने इस साल के अपने दूसरे वर्ल्ड टूर फाइनल में जगह बनाई है। वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट इस साल की शुरुआत में थाईलैंड ओपन में उप-विजेता रहे थे।

सेमीफाइनल में, सात्विक और चिराग ने कोरियन जोड़ी के खिलाफ दोनों गेम में शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद शानदार वापसी की। भारतीय जोड़ी पहले गेम में 8-13 और फिर 13-17 से पीछे चल रही थी, लेकिन दबाव में भी अपना संयम बनाए रखा और गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी 11-14 से पिछड़ रही थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार छह अंक हासिल करके 17-14 की बढ़त बनाई और फिर उस बढ़त को बनाए रखते हुए फाइनल में जगह बनाई।

सात्विक और चिराग अब दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेंगे, जो पांचवीं वरीयता प्राप्त डेनमार्क के मैथियास क्रिस्टियनसेन/अलेक्जेंडर बोए और चीन के गाओ जिया जुआन/वेई या शिन के बीच खेला जाएगा।

जीत के बाद चिराग ने कहा, “जब हम पीछे चल रहे थे, तो शांत रहने की कोशिश करते हुए खुद पर भरोसा रखा, क्योंकि हम जानते थे कि अगर हम अपनी रणनीति पर कायम रहे, तो वे किसी न किसी मोड़ पर जरूर टूटेंगे।”

किम/सियो का सामना करने के बारे में चिराग ने कहा, “इस समय सर्किट में उनका डिफेंस सबसे बेहतरीन है। हम जानते थे कि हमें शांत और स्थिर रहना होगा, खासकर जब हम आक्रमण कर रहे हों।”

इस बीच, भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की चुनौती सेमीफाइनल में ही समाप्त हो गई, जिन्हें जापान के युइची शिमोगामी और सायाका होबारा के हाथों 16-21, 21-17, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News