हॉकी अंडर-18 एशिया कप: कप्तान केतन की हैट्रिक, भारत ने कजाकिस्तान को 13-0 से रौंदा


काकामिगाहारा, 29 मई (आईएएनएस)। भारतीय मेंस हॉकी टीम ने अंडर-18 एशिया कप का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया है। कप्तान केतन कुशवाहा की हैट्रिक की मदद से भारतीय टीम ने पहले मुकाबले में शुक्रवार को पूल ए में कजाकिस्तान को 13-0 से रौंदा।

केतन ने तीन गोल करके भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दिलाई, जबकि प्रहलाद राजभर, आशीष तानी पूर्ति, अंश बहुता और शाहरुख अली ने दो-दो गोल किए। भारत ने मैच की शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया और मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा। दूसरी ओर, कजाकिस्तान की टीम लगातार दबाव में नजर आई।

भारत के लिए शाहरुख अली ने 12वें मिनट में सर्कल के अंदर से बेहतरीन गोल किया। इसके सिर्फ दो मिनट बाद प्रह्लाद राजभर ने एक और गोल करके भारत को बढ़त को दोगुना कर दिया। पहले क्वार्टर के खत्म होने तक भारतीय टीम ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली थी।

दूसरे क्वार्टर में भी गोल होते रहे। कैप्टन कुशवाहा (18वें मिनट) ने पास से गोल किया, जबकि गाजी खान (20वें मिनट) ने थोड़ी देर बाद चौथा गोल करके बढ़त और बढ़ा दिया। ब्रेक से पहले भारत ने कोई ढील नहीं दी। शाहरुख (29वें मिनट) ने शानदार फिनिश के साथ अपने दो गोल पूरे किए, और पूर्ति (30वें मिनट) ने एक मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जिससे भारत ने हाफ-टाइम तक 6-0 की बड़ी बढ़त बना ली।

तीसरा क्वार्टर सबसे ज्यादा फायदेमंद साबित हुआ, जिसमें भारत के पांच में से चार गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए। बहुता (31वें, 44वें मिनट) ने दो गोल किए, जबकि पूर्ति ने भी दो गोल किए। क्वार्टर के आखिरी मिनट में कुशवाहा ने एक पेनल्टी कॉर्नर सहित जल्दी-जल्दी दो गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की। भारत ने तीसरा क्वार्टर 11-0 की बढ़त के साथ खत्म किया।

भारतीय टीम ने आखिरी क्वार्टर में भी दबाव बनाए रखा और शानदार जीत हासिल की। आकाश दीप (47वें मिनट) ने बॉल को ओपन गोल में डालकर स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया, जिसके बाद राजभर ने 51वें मिनट में दिन का अपना दूसरा गोल किया। भारत का अगला मैच 31 मई को मेजबान जापान से होगा, जहां टीम अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Related Articles

Latest News