मुंबई, 27 मई (आईएएनएस)। अभिनेता वेदांग रैना अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की रिलीज को लेकर उत्साहित हैं। प्रमोशन में व्यस्त अभिनेता रियलिटी टीवी शो इंडियन आइडल के स्टेज पर नजर आए। यहां उन्होंने एआर रहमान के साथ काम करने का अपना खास अनुभव साझा किया।
फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के लिए एआर रहमान के साथ काम करने की बात करते हुए वेदांग ने बताया कि उन्हें रहमान के कंपोजिशन में गाने का मौका मिला। उन्होंने कहा, “आज पहली बार मैं इंडियन आइडल के स्टेज पर रहमान सर से मिला हूं। इससे पहले हम फेसटाइम पर बात करते थे और उसी के जरिए गाने पर चर्चा हुई थी।”
वेदांग रैना ने एक पर्सनल और इमोशनल याद भी शेयर की। उन्होंने बताया कि रहमान ने उनके लिए एक वॉइस नोट भेजा था, जिसमें वह पियानो बजा रहे थे और गाने की मेलोडी गुनगुना रहे थे। वेदांग ने इस वॉइस नोट को अपने फोन की सबसे कीमती चीजों में से एक बताया।
उन्होंने कहा, “रहमान सर बस गुनगुना रहे थे और पियानो पर मेलोडी बजा रहे थे। वो जीनियस का काम रहा, शायद गाना उस समय पूरी तरह बना भी नहीं था, हो सकता है मेलोडी उसी पल बनी हो। यह बेहद सुंदर था। मैं इसे बहुत प्यार से अपने पास रखता हूं।”
वेदांग रैना ने एआर रहमान को धन्यवाद देते हुए कहा, “सर, हमारी तारीफ करने के लिए और इस मौके के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया। यह सच में बहुत मायने रखता है, यह बहुत खूबसूरत और यह याद मेरे दिल के बहुत करीब है।
‘मैं वापस आऊंगा’ इम्तियाज अली के निर्देशन में तैयार फिल्म है। इसमें वेदांग रैना के साथ शरवरी वाघ और नसीरुद्दीन शाह अहम भूमिका में हैं। फिल्म 12 जून को रिलीज होने वाली है।
–आईएएनएस
एमटी/पीएम
