बकरीद को लेकर बांदा प्रशासन अलर्ट, खुले में कुर्बानी और प्रतिबंधित पशुओं पर रोक


बांदा, 26 मई (आईएएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहार से पहले जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग और विभिन्न समुदायों के लोगों के साथ जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र ने आईएएनएस से बताया कि जिला स्तर के अलावा सभी उपजिलाधिकारी और एसडीएम ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भी शांति समिति की बैठकें कर ली हैं। इन बैठकों में बकरीद के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

एडीएम कुमार धर्मेंद्र ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी नहीं दी जाएगी और खुले स्थानों पर कुर्बानी करने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने इस संबंध में सभी लोगों को सख्त निर्देश जारी किए हैं ताकि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने यह भी बताया कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों के उचित निस्तारण के लिए नगरपालिका और आयोजकों के बीच समन्वय बनाया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि पूरे जिले में स्वच्छता बनी रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

शांति समिति की बैठक में लोगों द्वारा उठाई गई समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से लिया गया है। एडीएम ने कहा कि जिन मुद्दों को बैठक में उठाया गया, उन्हें संबंधित विभागों और अधिकारियों को भेज दिया गया है और दो दिनों के भीतर उनका समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

–आईएएनएस

वीकेयू/डीकेपी


Related Articles

Latest News