आखिरी तीन मुकाबलों में टीम ने जिस तरह से लड़ाई लड़ी, उस पर मुझे गर्व है: अक्षर पटेल


कोलकाता, 25 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के आखिरी लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 40 रनों से हराया। जीत के साथ टूर्नामेंट का अंत करने से डीसी के कप्तान अक्षर पटेल खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि पिछले तीन मुकाबलों में टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उस पर उन्हें गर्व है।

केकेआर के खिलाफ मिली जीत के बाद अक्षर ने कहा, “मैं कहूंगा कि पिछले तीन मुकाबलों में जिस तरह से हम खेले, तब भी जब आपको पता था कि चीजें ठीक नहीं चल रही हैं, उसके बावजूद जिस तरह से टीम ने लड़ाई लड़ी, मुझे उस पर बहुत गर्व है। किसी ने नहीं सोचा था कि हम बस हार मान लेंगे और सोचेंगे कि हम पहले ही बाहर हो चुके हैं।”

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ने आगे कहा, “सबसे पहले आपको अपनी गलतियां माननी होती हैं। इसके बाद आपको एहसास होगा कि आपको क्या बेहतर करना है। यही वह सकारात्मक चीज है जिसे आपको आगे ले जाना है। अगर सिर्फ एक मैच का नतीजा अलग होता, तो चीज़ें बहुत अलग हो सकती थीं। मुझे लगता है कि पिछली बार जब हमने अच्छा क्रिकेट खेला था, तो वह सिर्फ एक मैच के बारे में था। अगर वह एक मैच हमारे पक्ष में गया होता, तो हम अलग तरह से बात कर रहे होते। हमने जैसे टॉस के समय बात की थी कि कैच पकड़ने वाले पल बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। अगर ऐसा हुआ होता, तो शायद हम अलग पोजीशन में होते।”

अपनी कप्तानी पर बात करते हुए अक्षर ने कहा, “मैंने सीखा है कि आईपीएल एक ऐसा टूर्नामेंट है, जहां आपको सबका ध्यान रखना होता है। हालांकि, आखिर में अगर आप दिमागी तौर पर बेहतर स्थिति में हैं, तभी आप सब कुछ ठीक से संभाल सकते हैं। अगर आप अच्छे मूड में नहीं हैं, तो आप गलत फैसले ले सकते हैं या निराश होकर कुछ और कर सकते हैं। मुझे लगता है कि शांत रहना बहुत महत्वपूर्ण है।”

रविवार को ईडन गार्डन्स के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 203 रन लगाए। टीम की ओर से केएल राहुल ने 30 गेंदों में 60 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि अक्षर पटेल ने 25 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया। हालांकि, 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की पूरी टीम 18.4 ओवर में 163 रन बनाकर सिमट गई।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Related Articles

Latest News