आईपीएल 2026: केकेआर पर 40 रन से जीत के साथ डीसी ने किया अपना अभियान समाप्त


कोलकाता, 24 मई (आईएएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के अंतिम लीग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ 40 रन से जीत दर्ज की। रविवार के पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से मात देकर प्लेऑफ का अंतिम टिकट अपने नाम कर लिया था। ऐसे में दिन का दूसरा मुकाबला सिर्फ सम्मान की लड़ाई बन गया।

ईडन गार्ड्न्स में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 203 रन बनाए। इस टीम को सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। अभिषेक पोरेल ने केएल राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 40 रन की साझेदारी की।

अभिषेक 18 गेंदों में 4 चौकों के साथ 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद साहिल परख ने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 47 रन जुटाकर टीम को 87 के स्कोर तक पहुंचाया।

साहिल 17 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 24 रन बनाकर आउट हुए। यहां से केएल राहुल ने कप्तान अक्षर पटेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 38 रन जोड़े। केएल राहुल ने अपनी इस तूफानी पारी में 30 गेंदों का सामना करते हुए 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 60 रन बनाए।

डीसी ने 125 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे, जहां से अक्षर पटेल ने डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए 25 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। अक्षर 25 गेंदों में 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि डेविड मिलर ने 19 गेंदों में 28 रन की पारी खेली।

विपक्षी खेमे से सौरभ दुबे ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि अनुकूल रॉय, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर 18.4 ओवरों में महज 163 रन पर सिमट गई। इस टीम को कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 4.3 ओवरों में 43 रन की साझेदारी की।

फिन एलन 13 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद रहाणे ने मनीष पांडे के साथ दूसरे विकेट के लिए 44 रन जुटाकर टीम को 87 के स्कोर तक पहुंचाया। पांडे 16 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए। रहाणे ने रॉवमैन पॉवेल के साथ चौथे विकेट के लिए 22 गेंदों में 32 रन की साझेदारी की। रहाणे 39 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

केकेआर ने 128 के स्कोर पर रहाणे के रूप में अपना चौथा विकेट गंवाया। अगली गेंद पर कुलदीप यादव ने रिंकू सिंह (0) को भी आउट कर दिया, लेकिन हैट्रिक पूरी नहीं कर सके। इनके अलावा, पॉवेल ने 21 गेंदों में 29 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विपक्षी खेमे से कुलदीप यादव और लुंगी एनगिडी ने 3-3 विकेट हासिल किए। मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट अपने नाम किए।

दिल्ली कैपिटल्स ने 14 में से 7 मैच जीतकर छठे स्थान पर रहते हुए अपना अभियान समाप्त किया, जबकि केकेआर ने 14 में से 6 मैच जीते। यह टीम 7वें पायदान पर रही।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News