नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के बाद कांग्रेस पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने चुनाव के दौरान कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनियमितताओं की जांच के लिए फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी का गठन किया है।
इस संबंध में तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी ने ‘एक्स’ पोस्ट के जरिए जानकारी साझा की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद यह समिति गठित की गई है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के तमिलनाडु और पुडुचेरी प्रभारी गिरीश चोडणकर की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया कि समिति को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान सामने आई पार्टी विरोधी गतिविधियों से जुड़ी सभी शिकायतों की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है।
कमेटी संबंधित पक्षों और नेताओं से बातचीत करेगी और अपनी जांच रिपोर्ट, निष्कर्ष और सिफारिशों के साथ 60 दिनों के भीतर कांग्रेस नेतृत्व को सौंपेगी।
पांच सदस्यीय इस फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को शामिल किया गया है। पूर्व सांसद और पूर्व एआईसीसी सचिव डॉ. के. जयकुमार को समिति का चेयरमैन बनाया गया है। तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हिदायतुल्लाह को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा टीएनसीसी की उपाध्यक्ष स्वर्णा सेतुरमन, पूर्व एआईसीसी सचिव और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सी. डी. मेयप्पन तथा एआईएमसी की राष्ट्रीय सचिव कमलाक्षी कामराज को समिति का सदस्य बनाया गया है।
कांग्रेस पार्टी ने अपने बयान में कहा कि वह संगठन के भीतर अनुशासन, जवाबदेही और संगठनात्मक ईमानदारी बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संगठन को मजबूत बनाए रखने के लिए हर स्तर पर पारदर्शिता और अनुशासन बेहद जरूरी है।
–आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी
