मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह शनिवार को अपने पिता संग मुंबई में आयोजित मैथिली ठाकुर के लाइव म्यूजिक कंसर्ट का हिस्सा बनी। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की कुछ झलक उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर की।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई तस्वीरों में दोनों कलाकारों के बीच बॉन्डिंग साफ देखने को मिल रही है। पहली तस्वीर में अक्षरा सिंह और मैथिली ठाकुर मुस्कराते हुए सेल्फी लेती नजर आ रही हैं, तो दूसरी में मैथिली के भाई और अभिनेत्री अक्षरा सिंह के पिता नजर आ रहे हैं। अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने तस्वीर पोस्ट करते हुए मैथिली की सराहना की।
उन्होंने लिखा, “आज मुंबई में माननीय विधायका व अपनी छोटी बहन मैथिली ठाकुर, अयाची व ऋषभ का लाइव शो देखने का मौका मिला। शानदार प्रस्तुति देखकर दिल खुश हो गया। इतनी कम उम्र में मेहनत, कला और सफलता को देखकर बहुत गर्व महसूस होता है। नए टूर की शुरुआत के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं। ईश्वर करे तुम यूं ही नई ऊंचाइयां हासिल करती रहो और इतनी ही सहज बने रहना।”
अभिनेत्री अक्षरा सिंह भोजपुरी सिनेमा का जाना-माना नाम हैं और अब वे बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार के साथ नए गाने में नजर आएंगी। अक्षरा सिंह ने अक्षय कुमार के साथ एक गाने में साथ काम करने की इच्छा जाहिर करते हुए शुक्रवार को वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उन्होंने कहा था कि भोजपुरी गाने में साथ काम करने के लिए आप बस समय और जगह बता दीजिए, हम आ जाएंगे। वहीं, अक्षय कुमार ने भी बड़े भाव से अभिनेत्री की बात का मान रखते हुए उनकी वीडियो में प्रतिक्रिया दी थी।
अक्षय ने कमेंट सेक्शन में लिखा था, “ओह, फिर बात पक्की अक्षरा सिंह… 25 मई सोमवार सुबह 11:30 बजे सोशल मीडिया पर मिलते हैं।”
अक्षय कुमार बॉलीवुड का जाना-माना नाम हैं और भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में अपने अभिनय से खास पहचान रखते हैं। वहीं, अक्षरा उन अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं जो गायिकी से लेकर अभिनय तक अपने हुनर का लोहा मनवा चुकी हैं। अगर दोनों का गाना जल्द ही आता है, तो ये भोजपुरी इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी बात होगी। हालांकि, गाने के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
–आईएएनएस
एनएस/पीएम
