अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का भारत दौरा कल, 'क्वाड' साझेदारी और इंडो-पैसिफिक सहयोग पर रहेगा जोर


नई द‍िल्‍ली, 22 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की आगामी भारत यात्रा को लेकर भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने कहा क‍ि यह दौरा स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति साझा प्रतिबद्धता है।

यह यात्रा क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखलाओं में विविधता लाने के प्रयासों के बीच ‘क्वाड’ साझेदारी के रणनीतिक महत्व को और अधिक रेखांकित करती है।

भारत में स्‍थि‍त अमेर‍िकी दूतावास ने आधिकारिक सोशल मीड‍िया ‘एक्‍स’ अकाउंट पोस्‍ट में कहा, ”क्षेत्रीय सुरक्षा को समर्थन देने से लेकर महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखलाओं में विविधता लाने तक, विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भारत की आगामी यात्रा ‘क्वाड’ साझेदारी के महत्व पर जोर देती है।”

अमेरिका के विदेश मंत्री रूबियो शनिवार को भारत पहुंचेंगे और 23 से 26 मई तक देश के अलग-अलग राज्यों का दौरा करेंगे।

नई दिल्ली में भारतीय नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों के अलावा, रुबियो के ‘क्वाड’ विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री शामिल होंगे। इस दौरान ‘क्वाड’ साझेदारी, ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और रक्षा सहयोग पर मुख्य रूप से चर्चा होगी।

अमेर‍िकी व‍िदेश मंत्री भारत यात्रा के दौरान कोलकाता, आगरा, जयपुर और दिल्ली जाएंगे। अमेरिकी विदेश विभाग की जानकारी के अनुसार, भारत आने से पहले शुक्रवार को मार्को रुबियो स्वीडन के हेलसिंगबोर्ग जाएंगे, जहां वे नाटो विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे।

इस यात्रा के दौरान अमेर‍िकी व‍िदेश मंत्री भारत में ही अमेर‍िका की 250वीं वर्षगांठ का जश्‍न मनाएंगे। मार्को रुबियो ने एक वीड‍ियो संदेश में कहा क‍ि अमेरिका अपनी 250वीं वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहा है और मैं इसे अपने भारतीय साझेदारों के साथ मनाने के लिए उत्सुक हूं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, और हम दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्रों में से हैं। इसलिए, हम इसे साथ में मनाने के लिए तत्पर हैं।

मार्को रुबियो के इस वीडियो संदेश को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए, अमेरिका के भारत स्थित दूतावास ने कहा, “हम आपके साथ इस अवसर को मनाने के लिए उत्साहित हैं!”

–आईएएनएस

एवाई/एएस


Related Articles

Latest News