जेपी विवाद के बाद लोहिया को माल्यार्पण करने पहुंचे अखिलेश यादव, भाजपा को घेरा


लखनऊ, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जेपी की जयंती पर अनुमति न मिलने पर जेपीएनआईसी का गेट फांदकर अंदर पहुंचे थे। जिस पर काफी हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया था। उसके बाद गुरुवार को अखिलेश यादव गोमती नगर के डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क पहुंचे।

अखिलेश यादव ने लोहिया की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही सरकार को कई मुद्दों पर घेरा। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में राम मनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव के संकल्पों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में समाजवाद को और मजबूत करने की बात कही।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और अन्याय चरम सीमा पर पहुंच गई है। जय प्रकाश नारायण का म्यूजियम समाजवाद का संग्रहालय है। सरकार ने समाजवादियों का संग्रहालय नष्ट कर दिया। एलडीए और सरकार मिलकर उस म्यूजियम को बंद कर रही है। अगर नीयत साफ होती तो लोक नायक को इस तरह पॉलिथीन से नहीं ढकते।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार अपनी नाकामी और भ्रष्टाचार छुपा रही है, अच्छी चीज बनी है, उसको छुपा रहे हैं। आज संविधान पर हमला हो रहा है, संविधान खत्म हो जायेगा, हमारी आपकी आजादी छीन जायेगी। हमारा कानून छीन जायेगा, आज भाजपा समाज और देश को उसी दिशा में ले जा रही है।

सपा प्रमुख ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बयान पर कहा कि उन्होंने अस्पतालों का सत्यानाश कर दिया। एक भी गरीब का लोहिया या सिविल जैसे सरकारी अस्पतालों में इलाज नहीं हो रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि आज हम डॉ. राम मनोहर लोहिया को याद करने आये हैं, जिन्होंने समाज को बुराई से बचाने, असमानता को समाप्त करने का समाजवादी रास्ता दिखाया। नेता जी (मुलायम सिंह यादव) ने उनके दिखाए रास्ते पर चलकर काम किया। हम संकल्प लेते हैं कि हम समाजवाद को मजबूत करने और भविष्य में इसे आगे बढ़ाने के लिए इसी रास्ते पर चलने का काम करेंगे।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम


Related Articles

Latest News