नक्सल विरोधी अभियान के लिए गृहमंत्री अमित शाह ने की तेलंगाना पुलिस की सराहना


हैदराबाद, 18 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में तेलंगाना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें माओवादी गतिविधियों को नियंत्रित करने और तेलंगाना को नक्सल-मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाने के लिए दिया गया।

इस मौके पर तेलंगाना के डीजीपी सीवी आनंद, राज्य सुरक्षा सलाहकार बी शिवधर रेड्डी, डीजीपी ऑपरेशंस अनिल कुमार और मलकाजगिरी पुलिस कमिश्नर बी. सुमति समेत एसआईबी टीम भी मौजूद रही। इस मौके पर गृहमंत्री अमित शाह ने तेलंगाना पुलिस के साहस, बलिदान और समन्वित प्रयासों की सराहना की, जिसके चलते तेलंगाना को ‘नक्सल-मुक्त’ राज्य बनाया जा सका।

इस पर खुशी जाहिर करते हुए तेलंगाना के पुलिस प्रमुख (डीजीपी) सीवी आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “तेलंगाना पुलिस के लिए यह एक गर्व का क्षण है, क्योंकि वामपंथी उग्रवाद से निपटने और स्थायी शांति सुनिश्चित करने के हमारे प्रयासों को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सराहा गया।”

उन्होंने कहा, “मुझे तेलंगाना पुलिस की ओर से यह सम्मान प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। इस अवसर पर मेरे साथ राज्य सुरक्षा सलाहकार बी. शिवधर रेड्डी, डीजीपी ऑपरेशंस (ऑक्टोपस और ग्रेहाउंड) डॉ. अनिल कुमार (आईपीएस), मलकाजगिरी कमिश्नर और पूर्व एसआईबी आईजीपी सुमथी (आईपीएस) तथा एसआईबी की समर्पित टीम भी मौजूद थी।”

डीजीपी ने कहा, “यह सम्मान तेलंगाना पुलिस के हर अधिकारी और जवान का है, विशेष रूप से ग्रेहाउंड, इंटेलिजेंस, ऑक्टोपस और फील्ड यूनिट्स का, जिनके साहस, बलिदान और समन्वित प्रयासों ने तेलंगाना को ‘नक्सल-मुक्त’ राज्य बनाने में अहम भूमिका निभाई।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने ‘नक्सल-मुक्त भारत’ के स्वप्न को साकार करने की दिशा में तेलंगाना पुलिस के योगदान को मान्यता दी। तेलंगाना पुलिस पूरी निष्ठा और पेशेवर दक्षता के साथ शांति, सुरक्षा और जन-कल्याण की रक्षा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है।”

–आईएएनएस

पीआईएम/वीसी


Related Articles

Latest News