तेहरान, 18 मई (आईएएनएस)। ईरानी और अमेरिका के बीच संघर्ष को खत्म करने के लिए दोनों पक्षों में वार्ता का दौर चल रहा है। बातचीत के दौरान अमेरिका ईरान के तेल प्रतिबंधों में छूट देने पर सहमत हो गया है। अमेरिका की तरफ से छूट का मतलब है कि कुछ समय के लिए बैन हटा दिए गए हैं, जबकि ईरान अमेरिका के कमिटमेंट के तहत देश के खिलाफ सभी बैन हटाने पर जोर दे रहा है। यह जानकारी ईरानी मीडिया ने सोमवार को सूत्रों के हवाले से दी।
ईरान की अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने एक सोर्स के हवाले से बताया कि अमेरिका ने ओएफएसी (ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल) बैन में तब तक छूट देने का प्रस्ताव दिया जब तक कोई आखिरी समझौता नहीं हो जाता।
ईरान ने अमेरिका के लिए एक नया 14-पॉइंट टेक्स्ट भी जमा किया है। इससे पहले अमेरिकी प्रस्ताव के जवाब में ईरान ने अमेरिका को अपना जवाब भेजा था, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति ने सिरे से नकार दिया था।
तस्नीम न्यूज एजेंसी ने बताया कि ईरान ने संशोधन के बाद पाकिस्तान की मध्यस्थता के जरिए एक बार फिर 14 बिंदुओं वाला अपना प्रस्ताव सौंपा है। नए 14-पॉइंट टेक्स्ट में युद्ध समाप्ति के लिए बातचीत शुरू करने और अमेरिका की ओर से भरोसा कायम करने वाले कदमों पर खास जोर दिया गया है।
अमेरिका हमेशा से मांग कर रहा है कि ईरान यूरेनियम संवर्धन गतिविधि पर 20 साल के लिए रोक लगा दे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इस मांग पर जवाब देते हुए ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने सोमवार को कहा कि नॉन-प्रोलिफरेशन ट्रीटी (एनपीटी) के तहत तेहरान का यूरेनियम संवर्धन का अधिकार नॉन-नेगोशिएबल है और इसके लिए किसी दूसरी पार्टी से वैलिडेशन की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत जारी है और ईरान प्रक्रिया के हर चरण में अपने सिद्धांतों पर मजबूती से कायम रहेगा।
इस्माइल बाघेई ने साफ किया कि ईरान किसी भी हालात के लिए पूरी तरह तैयार है और किसी भी लापरवाही भरे एक्शन के खिलाफ पूरी ताकत से अपना बचाव करेगा। उन्होंने कहा कि ईरानी आर्म्ड फोर्स के लिए सरप्राइज होंगे।
उन्होंने कहा कि वाशिंगटन आर्थिक दबाव को एक टूल की तरह इस्तेमाल करता है, लेकिन उसे यह एहसास हो गया है कि धमकियां और दबाव ईरान को अपने लोगों के अधिकारों के लिए लड़ने से नहीं रोक सकते।
–आईएएनएस
केके/वीसी
