मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। टेलीविजन की दुनिया में ‘तुम से तुम तक’ शो की कहानी दर्शकों का दिल जीत रही है। अब इस शो में एक बड़ा मोड़ आने वाला है, जिसे लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। शो में अनु शर्मा का किरदार निभा रहीं निहारिका चौकसे ने आईएएनएस से अपने ब्राइडल लुक और कहानी के नए चरण को लेकर खुलकर बात की है।
निहारिका चौकसे ने कहा, ”यह पल मेरे लिए बेहद खास और भावुक करने वाला है। जब से शो शुरू हुआ है, तब से लगातार फैंस मुझसे एक ही सवाल पूछते रहे हैं कि आखिर अनु और आर्य को साथ कब देखने मिलेगा। दर्शकों ने दोनों की प्रेम कहानी को हर मोड़ पर बहुत प्यार दिया है। चाहे रिश्ते में परेशानियां आई हों, गलतफहमियां हुई हों या भावुक पल आए हों, लोगों ने हमेशा अनु और आर्य की जोड़ी का साथ दिया है।”
अभिनेत्री ने कहा, ”अब कहानी उस मुकाम पर पहुंच रही है, जहां दर्शकों को उनकी पसंदीदा जोड़ी को एक नए रूप में देखने का मौका मिलेगा।”
निहारिका ने कहा, “लंबे समय से इस कहानी पर मेहनत कर रही टीम को भी अब लग रहा है कि दर्शकों का इंतजार आखिरकार पूरा होने वाला है। जब किसी किरदार को लोग इतना प्यार देने लगते हैं, तो कलाकार के लिए भी वह अनुभव बेहद खास बन जाता है।”
अपने किरदार अनु शर्मा के बारे में बात करते हुए निहारिका ने कहा, ”मुझे अनु की सबसे खास बात उसका प्यार पर भरोसा और कभी हार न मानने वाला स्वभाव लगता है। अनु ने अपनी जिंदगी में कई मुश्किल हालात देखे, लेकिन उसने हमेशा अपने रिश्ते और अपनी भावनाओं को ईमानदारी के साथ संभाला। चाहे हालात कितने भी मुश्किल क्यों न रहे हों, अनु ने आर्य के लिए अपने प्यार को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया।”
निहारिका ने कहा, ”मैं अपने असली जीवन में भी इस किरदार से काफी कुछ सीख रही हूं। अनु का मजबूत स्वभाव मुझे काफी प्रेरित करता है। कई बार कोई किरदार सिर्फ अभिनय तक सीमित नहीं रहता, बल्कि कलाकार की सोच और जिंदगी पर भी असर छोड़ जाता है। अनु का किरदार भी मेरे लिए ऐसा ही अनुभव रहा है।”
अपने ब्राइडल लुक के बारे में बात करते हुए निहारिका ने कहा, ”जब मेरा ब्राइडल लुक तैयार हुआ तो मैं खुद भी उसे देखकर काफी उत्साहित हो गई थीं। कपड़ों से लेकर गहनों और मेकअप तक हर चीज पर खास ध्यान दिया गया। जब मैंने खुद को पूरी तरह तैयार देखा, तो मुझे सब कुछ किसी सपने जैसा महसूस हुआ।”
उन्होंने कहा, ”शो में अनु और आर्य दोनों अपने लुक में एक-दूसरे के साथ बेहद खूबसूरत लग रहे हैं। अब मैं बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रही हूं, जब दर्शक इस नए एपिसोड को स्क्रीन पर देखेंगे।” ‘तुम से तुम तक’ जी टीवी पर प्रसारित होता है।
–आईएएनएस
पीके/वीसी
