नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। गोवा में आम आदमी पार्टी (आप) के सह-प्रभारी दीपक सिंगला की गिरफ्तारी और उनके ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं को राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दीपक सिंगला को किसी गलत काम की वजह से गिरफ्तार नहीं किया गया, बल्कि इसलिए कार्रवाई की गई, क्योंकि उन्होंने भाजपा के खिलाफ राजनीतिक काम किया और भाजपा में शामिल होने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि दीपक सिंगला और पंजाब से राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा जैसे नेता बहादुर और देशभक्त हैं तथा जनता उनके साथ खड़ी है।
वहीं गोवा प्रभारी और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि देश में बेरोजगारी, महंगाई, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतें तथा रुपए की गिरती स्थिति जैसे गंभीर मुद्दे मौजूद हैं, लेकिन केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई करने में व्यस्त है। गोवा में आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा घबरा गई है और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
आतिशी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों के खिलाफ किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी रणनीति और डाटा हासिल करने के लिए छापेमारी की गई थी और अब गोवा में भी उसी तरह की कार्रवाई दोहराई जा रही है। उनके अनुसार, गोवा में केवल बड़े नेताओं ही नहीं, बल्कि आम कार्यकर्ताओं के घरों पर भी छापेमारी हो रही है।
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्ष को चुनावी तौर पर कमजोर करने की कोशिश कर रही है, लेकिन इससे देश की आर्थिक चुनौतियां और रुपए की गिरती कीमत नहीं रुकेगी।
इसके अलावा, सौरभ भारद्वाज ने भी आरोप लगाया कि ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों के जरिए लगातार आम आदमी पार्टी के नेताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और गोवा में कई स्थानों पर की गई छापेमारी राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई प्रतीत होती है।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह इन कार्रवाइयों से डरने वाली नहीं है और गोवा में भाजपा सरकार के खिलाफ अपना राजनीतिक अभियान जारी रखेगी।
–आईएएनएस
पीकेटी/वीसी
