सुरेश चंद्र त्रिपाठी मेमोरियल लखनऊ जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट में दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह पक्की की। मिनी स्टेडियम, गोमती नगर में आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-11 बालक एकल वर्ग में डिवाइन के अभिजय सिंह और एक्सीलिया के यशार्थ सिंह ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर खिताबी भिड़ंत तय की।अभिजय सिंह ने तेजस प्रताप सिंह को एकतरफा मुकाबले में 15-3, 15-3 से हराया, जबकि यशार्थ सिंह ने शिवांग मिश्रा को 15-9, 15-9 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से दर्शक रोमांचित नजर आए और कोर्ट पर लगातार उत्साह बना रहा।
बालिका अंडर-19 एकल वर्ग में बीबीडी की मेगन प्रकाश और शटल एस की प्रियंका गौतम ने भी फाइनल में जगह बनाई। मेगन ने गौरी दुबे को 15-7, 15-3 से हराया, जबकि प्रियंका गौतम ने अपराजिता घोषाल को 30-17 से पराजित किया। अब दोनों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
इसके अलावा बालक अंडर-13 वर्ग में शटल एस के समृद्ध पांडेय ने अन्वय मौर्य को 15-10, 15-10 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता के अन्य वर्गों में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
