लंदन, 17 मई (आईएएनएस)। यूके में भारत के उच्चायुक्त पेरियासामी कुमारन ने पद संभालने के बाद पहला वीडियो संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने जल्द आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर तैयारियों के बारे में बताया।
पी कुमारन ने अपने पहले सार्वजनिक संदेश में भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच साझेदारी को और मजबूत बनाने की बात कही।
उन्होंने पूरे यूके में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 समारोहों को लेकर उत्साह व्यक्त किया और कहा कि यह “वन अर्थ, वन हेल्थ” के साथ स्वास्थ्य, सामंजस्य और साझा मूल्यों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
राजदूत ने कहा कि नया कार्यभार संभालना मेरे लिए एक विशेष सम्मान और सौभाग्य की बात है। जैसे ही मैं इस नई जिम्मेदारी की शुरुआत कर रहा हूं, मुझे अत्यंत खुशी है कि मेरे शुरुआती प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रमों में से एक पूरे यूनाइटेड किंगडम में आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का उत्सव होगा।
कुमारन ने योग को “दुनिया को दी गई भारत की सबसे अनमोल धरोहरों में से एक” बताया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी शाश्वत परंपरा है जो सामंजस्य, संतुलन, सजगता और स्वास्थ्य को बढ़ावा देती है।
आज योग को पूरी दुनिया ने अपनाया है। यह भारत की सभ्यतागत भावना “वसुधैव कुटुम्बकम्”—अर्थात “पूरा विश्व एक परिवार है”—को दर्शाता है।
इस वर्ष की थीम इस भारतीय विश्वास को सुंदर रूप से प्रस्तुत करती है कि व्यक्ति का स्वास्थ्य और हमारे ग्रह का स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि हम यूके के मित्रों और साझेदारों के साथ मिलकर इस वर्ष के समारोहों को और व्यापक, समावेशी और यादगार बनाने के लिए उत्सुक हैं।
कुमारन ने यूके को इस अभूतपूर्व उत्सव में शामिल होने का न्योता दिया और अंत में कहा, “मैं सभी लोगों को योग की भावना और उसके स्वास्थ्य, एकता और सामंजस्य के संदेश का उत्सव मनाने के लिए हमारे साथ जुड़ने का हार्दिक निमंत्रण देता हूं।”
12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 को मनाया जाएगा। इस वर्ष का मुख्य विषय ‘योग फॉर वेलनेस, विजडम एंड वर्ल्ड पीस’ रखा गया है। इसे ध्यान में रख आयुष मंत्रालय की ओर से गैर-संचारी रोगों (जैसे मधुमेह और उच्च रक्तचाप) से निपटने के लिए 10 विशेष योग प्रोटोकॉल लॉन्च किए गए हैं।
–आईएएनएस
केआर/
