चंडीगढ़, 16 मई (आईएएनएस)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों के बाद राज्य के मेधावी छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने टॉपर्स से फोन पर बात कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।
सीएम सैनी ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि इन छात्रों ने अपने परिवार, स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सीएम ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को हरियाणा सरकार की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री सैनी ने सभी मेधावी विद्यार्थियों के स्वर्णिम भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवा शक्ति के साथ हर कदम पर खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी ने अपने परिवार, शिक्षकों और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की कामना करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार हर कदम पर अपनी युवा शक्ति के साथ खड़ी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में सीएम सैनी ने लिखा, “हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों से फोन पर बात कर उन्हें एवं उनके अभिभावकों को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दीं।”
उन्होंने आगे लिखा, “हरियाणा के युवा आज शिक्षा, खेल, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी युवा पीढ़ी अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प से प्रदेश व देश का नाम निरंतर रोशन करती रहेगी।”
–आईएएनएस
पीएसके
