आज भी घर संभालने की उम्मीदें महिलाओं से ही की जाती है: सबा आजाद


मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री सबा आजाद इन दिनों कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘हूज योर गायनिक सीजन 2’ को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेत्री का मानना है कि अभी घर की जिम्मेदारी संभालने की उम्मीद महिलाओं से ही की जाती है।

आईएएनएस ने जब बातचीत के दौरान सबा से पूछा, “क्या महिलाओं के संदर्भ में इस्तेमाल होने वाले शब्द ‘सब कुछ पा लेने’ और महिलाओं के लिए अलग होता है?” अभिनेत्री ने इस सवाल का जवाब पूरी सहजता से देते हुए कहा, “दोनों के लिए इस शब्द का अर्थ बिल्कुल अलग है। हमारे समाज में पुरुषों से शायद ही कभी उन भावनात्मक और घरेलू जिम्मेदारियों को संभालने की उम्मीद नहीं की जाती है, जिनकी उम्मीदें अक्सर महिलाओं से हर वक्त होती है।”

सोशल मीडिया के समय में अभिनेताओं की निजी जिंदगी का असर उनके काम पर देखने को मिलता है। इसको लेकर अभिनेत्री का कहना है कि कभी-कभी कलाकारों के असली काम से ज्यादा उनके रिश्तों पर ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा, “इंसान का यह स्वभाव होता है कि वह दूसरे व्यक्ति के जीवन के हर पहलू के बारे में जानने की कोशिश करता है। यही वजह है कि कलाकारों की निजी और पेशेवर, जिंदगी लोगों का ध्यान खींचती हैं।”

सबा से आईएएनएस ने पूछा कि वह असल जिंदगी में तनाव और भावनात्मक दवाब से कैसे निपटती हैं, तो इस पर सबा ने कहा, “क्रिएटिव एक्सप्रेशन स्ट्रेस को प्रोसेस करने का एक बहुत बढ़िया जरिया है। समय के साथ, मैंने सीखा है कि मुश्किल इमोशन्स को क्रिएटिव तरीके से कैसे इस्तेमाल किया जाए और आर्ट और एक्सप्रेशन के जरिए उनसे कैसे निपटा जाए।”

अभिनेत्री ने अपनी बात को खत्म करते हुए कहा, “मेरी मां बहुत ही मजेदार हैं। डिनर टेबल पर, हम उनके सेंस ऑफ ह्यूमर की वजह से लगातार हंसते रहते हैं।”

‘हूज योर गायनिक सीजन 2’ अमेजन एमएक्स प्लेयर पर रिलीज हुई एक लोकप्रिय कॉमेडी-ड्रामा वेब सीरीज है। द वायरल फीवर द्वारा निर्मित इस शो में सबा आजाद मुख्य भूमिका (डॉ. विदुषी कोठारी) में हैं। यह सीरीज महिलाओं के स्वास्थ्य जैसे गंभीर विषय को हल्के-फुल्के और सशक्त अंदाज में पेश करती है।

–आईएएनएस

एनएस/वीसी


Related Articles

Latest News