सीएसके के पास प्लेऑफ में पहुंचने का शानदार मौका, आरआर काफी हद तक सूर्यवंशी पर निर्भर: चावला


नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर पीयूष चावला का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पास इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने का बेहतरीन मौका है। लगातार तीन जीत के साथ पांच बार की चैंपियन टीम ने टॉप-4 की दौड़ के लिए जरूरी मोमेंटम हासिल कर लिया है।

ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स 11 में से 5 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर मौजूद है। इस टीम ने शुरुआती तीन हार के बाद जीत की लय हासिल करते हुए अगले 8 में से 6 मुकाबले अपने नाम किए। फिलहाल इस टीम के पास 12 अंक हैं।

प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष चार टीमों पर नजर डालें, तो गुजरात टाइटंस 16 अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के पास 14-14 अंक हैं। पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ चौथे पायदान पर मौजूद है।

पीयूष चावला ने ‘जियोस्टार’ पर कहा, “मुझे लगता है कि चेन्नई सुपर किंग्स के पास एक अच्छा मौका है। हम टी20 क्रिकेट में मोमेंटम के बारे में बहुत बात करते हैं, और पिछले तीन मैच जीतने के बाद उनके पास वह मोमेंटम है। वे सच में बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। उनके बल्लेबाज अपना काम कर रहे हैं, लेकिन यह गेंदबाज हैं- अंशुल कंबोज, स्पिन जोड़ी नूर और अकील हुसैन और मिडिल ओवर्स में जेमी ओवरटन, जो असली फर्क पैदा कर रहे हैं।”

चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने पिछले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 5 विकेट से जीत हासिल की थी। सीएसके ने साल 2018 के बाद पहली बार 200 से ज्यादा का स्कोर चेज किया।

इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पावरप्ले के खेल तक 1 विकेट गंवाकर 97 रन बना लिए थे, जो आईपीएल में उनका दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर था। इस दौरान उर्विल पटेल ने महज 9 गेंदों में 42 रन बना लिए। बाद में उन्होंने महज 13 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा करते हुए 65 रन की पारी खेली।

इस मुकाबले में सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 28 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 42 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे (7 गेंदों पर 15*) और प्रशांत वीर (12 गेंदों पर 17*) ने मैच को फिनिशिंग टच दिया।

पीयूष चावला ने कहा, “200 का स्कोर अब आम बात हो गई है, लेकिन जब आप टीमों को उससे कम स्कोर तक सीमित रखते हैं, तो बल्लेबाजों को भी थोड़ी राहत मिलती है। चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों ने हाल के मुकाबलों में ऐसा करने में कामयाबी हासिल की है।”

चावला ने आगे कहा कि राजस्थान रॉयल्स (आरआर) अभी भी दौड़ में मजबूती से बनी हुई है, उनका मानना है कि इस टीम की किस्मत का दारोमदार युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के कंधों पर हो सकता है।

उन्होंने कहा, “आरआर भी दौड़ में है, लेकिन बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि वैभव सूर्यवंशी अगले तीन मुकाबलों में कैसा खेलते हैं। बाकी खिलाड़ियों को भी निर्णायक योगदान देना शुरू करना होगा, जिसकी अब तक कमी खल रही थी।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News