पेट्रोल-डीजल और सोने के 10 फीसदी कम इस्तेमाल से हर साल 2 लाख करोड़ विदेशी मुद्रा बचेगी : गौरव वल्लभ


नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील, पश्चिम बंगाल में नगर निगम भर्ती घोटाले में ईडी की कार्रवाई सहित अन्य मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी।

प्रधानमंत्री मोदी की वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन कक्षाओं और कारपूलिंग की अपील पर गौरव वल्लभ ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “भारत हर साल लगभग 12.5 लाख करोड़ का कच्चा तेल खरीदता है। 6.5 लाख करोड़ का सोना भारत में आयात किया जाता है। इस तरह हम सिर्फ इन्हीं दोनों चीजों पर 18.5 लाख करोड़ रुपए खर्च कर रहे हैं। अगर हम 10 फीसदी कंट्रोल कर लें तो लगभग 2 लाख करोड़ विदेशी मुद्रा को बचा सकते हैं।”

पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बोस की ईडी द्वारा गिरफ्तारी पर गौरव वल्लभ ने कहा, “टीएमसी के 15 वर्षों के शासनकाल में धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घुसपैठियों को संरक्षण देने और उन्हें बढ़ावा देने का मॉडल ध्वस्त हो चुका है। अब बंगाल में बंगाल की जनता के लिए विकास का मॉडल लागू किया जाएगा।”

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह पर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा, “हमने असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है और हर बार पिछली बार की तुलना में हमारे विधायकों की संख्या बढ़ी है।”

इसके पहले गौरव वल्लभ ने कहा था, “असदुद्दीन ओवैसी को अब ‘वंदे मातरम’ से भी दिक्कत होने लगी है, जो उनकी ‘बांटने वाली मानसिकता’ को दर्शाता है। भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति में विश्वास करती है और देश की एकता तथा राष्ट्रभावना को सर्वोपरि मानती है। ‘वंदे मातरम’ महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित राष्ट्रीय गीत है और इसे लेकर किसी प्रकार की आपत्ति देश की भावनाओं के खिलाफ है। ‘भारत माता की जय‘ भी बोला जाएगा, ‘वंदे मातरम’ का गान भी होगा और ‘जन-गण-मन’ भी पूरे सम्मान के साथ गाया जाएगा।”

–आईएएनएस

एएमटी/एबीएम


Related Articles

Latest News