उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, वज्रपात तथा तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तथा झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ द्वारा सोमवार को जारी प्रभाव आधारित पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार 11 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। वहीं 12 मई को पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 13 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में गरज-चमक और बौछारों की संभावना बनी रहेगी, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्यत: शुष्क रहेगा। 14 और 15 मई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। विभाग ने 11 मई के लिए सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और इटावा समेत आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा 12 मई को श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, झांसी, जालौन और ललितपुर सहित अनेक जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा बिजली के उपकरणों को अनप्लग रखने की सलाह दी है।
विभाग ने किसानों को भी सतर्क रहने को कहा है। तेज हवाओं से गन्ना, मक्का, उड़द, मूंग, मूंगफली, सूरजमुखी तथा सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। किसानों को फसलों को सहारा देने, अतिरिक्त सिंचाई से बचने और खेतों में नमी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
तेप धूप निकली तो पारा पहुंचा 35 डिग्री
सुबह से निकली तेज धूप से राजधानी में पारा धीरे-धीरे चढ़ने लगा है। रविवार को अधिकतम तापमान लगभग 1 डिग्री सेल्सियस बढ़कार 35 डिग्री पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी करीब 1 डिग्री बढ़कर 25.6 डिग्री पहुंच गया। दिन भर निकली तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। रविवार को अवकाश होने के कारण दिन में लोग घरों से बाहर कम निकले। 20-30 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने से तेज धूप के बाद भी तापमान में उम्मीद के मुताबिक बढ़ोतरी नहीं हुई।
