नई दिल्ली, 11 मई (केसरिया न्यूज़)। 1998 में पोखरण में किए गए परमाणु परीक्षणों को 28 साल पूरे हो गए हैं। इस दिन को हर साल राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर देश के वैज्ञानिकों और इंजीनियर्स को शुभकामनाएं दी हैं।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “11 मई 1998, वह ऐतिहासिक दिन, जब पोखरण (राजस्थान) की धरती से भारत ने दुनिया को अपनी वैज्ञानिक क्षमता, आत्मविश्वास और सामरिक शक्ति का परिचय कराया। पोखरण-2 परमाणु परीक्षण आत्मनिर्भर, सशक्त और निर्णायक भारत के उदय की घोषणा थी। इस उपलब्धि ने भारत को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाई और हमारी सुरक्षा, संप्रभुता व तकनीकी सामर्थ्य को मजबूती प्रदान की। आज राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर हम उन वैज्ञानिकों, इंजीनियर्स और हर उस भारतीय को नमन करते हैं, जिनके परिश्रम और संकल्प ने भारत को तकनीक व नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।”
उन्होंने आगे लिखा, “चंद्रयान, मंगलयान से लेकर गगनयान, सेमीकंडक्टर से लेकर एआई और रक्षा उत्पादन से लेकर परमाणु ऊर्जा तक, भारत आज आत्मनिर्भरता और आधुनिक तकनीक के नए युग की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस आत्मनिर्भर, विकसित और तकनीकी रूप से समृद्ध भारत के हमारे संकल्प को और मजबूत करता है।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर तकनीकी विशेषज्ञों और तकनीक-प्रेमी युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “मोदी सरकार कई ऐसे क्रांतिकारी प्रयासों के माध्यम से युवाओं की रचनात्मक क्षमता का सदुपयोग करते हुए भारत के विकास को गति प्रदान कर रही है। कामना है कि यह दिवस उनके लिए प्रेरणा का स्रोत बने, ताकि वे इन अवसरों का लाभ उठाकर महानता की ओर हमारी यात्रा को और अधिक गति प्रदान कर सकें।”
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लिखा, “राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। 1998 में आज ही के दिन युगपुरुष अटल बिहारी वाजपेयी और मिसाइल मैन डॉक्टर अब्दुल कलाम के कुशल नेतृत्व में पोखरण में परमाणु परीक्षण सफल हुआ था।”
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पोस्ट किया, “सशक्त, आधुनिक व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सतत रत सभी वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और तकनीशियनों को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
आज ही के दिन 1998 में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण कर भारत ने पूरे विश्व में अपनी वैज्ञानिक क्षमता, सामर्थ्य और आत्मविश्वास का परचम लहराया था।
देश को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले सभी वैज्ञानिकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों के समर्पण, नवाचार और अमूल्य योगदान को नमन।”
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “आपकी अटूट निष्ठा और नवाचार की शक्ति से ही भारत आज वैश्विक तकनीकी जगत में नए आयाम स्थापित कर रहा है। वैज्ञानिकों का यही सामर्थ्य विकसित भारत के हमारे साझा संकल्प की सबसे बड़ी शक्ति है।”
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने लिखा, “राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर देश के सभी वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों को हार्दिक शुभकामनाएं। 1998 के ऐतिहासिक परमाणु परीक्षण की वर्षगांठ पर मनाया जाने वाला यह दिवस हमारे देश की वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। मेरा विश्वास है कि हमारा देश विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करेगा।”
–केसरिया न्यूज़
