आमजन को आधार संबंधी सेवाएं अधिक सुगम और सुलभ बनाने के उद्देश्य से डाक विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब राजधानी के चिन्हित डाकघरों में प्रत्येक रविवार को भी आधार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस व्यवस्था के तहत नागरिक अवकाश के दिन भी आधार नामांकन, पता परिवर्तन, मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट समेत अन्य सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
दो शिफ्टों में भी शुरू हुई आधार सेवा व्यवस्था
डाक विभाग ने आधार सेवाओं को और अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए मुख्यालय परिक्षेत्र के 19 डाकघरों में दो शिफ्टों में कार्य व्यवस्था भी लागू की है। इसके अंतर्गत पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित की जा रही है। इससे लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार समय चुनकर आधार कार्य कराने में आसानी होगी।
156 आधार केंद्र और घर-घर पहुंच रही सेवाएं
वर्तमान में लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र में कुल 156 आधार सेवा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां नियमित रूप से आधार संबंधी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 886 मोबाइल डिवाइसों के माध्यम से घर-घर जाकर भी आधार सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं 6 अतिरिक्त डिवाइसों द्वारा विशेष शिविर और कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का संचालन विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक विद्यालयों, नगर पंचायतों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में किया जा रहा है।
प्रथम चरण में 8 डाकघरों का चयन
पोस्टमास्टर जनरल लखनऊ मुख्यालय क्षेत्र सुनील कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण में राजधानी के 8 प्रमुख डाकघरों को इस सुविधा के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें जीपीओ, चौक प्रधान डाकघर, इंदिरानगर डाकघर, गोमतीनगर डाकघर, अलीगंज डाकघर, राजेंद्र नगर डाकघर, आलमबाग डाकघर तथा आवास विकास कॉलोनी डाकघर शामिल हैं। इन सभी केंद्रों पर रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक आधार सेवाएं संचालित होंगी।
