हमीरपुर नाव हादसा: महिला और किशोरी का शव बरामद, 4 बच्चों की तलाश जारी


नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार शाम यमुना नदी में नाव पलट गई, जिसमें करीब 9 लोग सवार थे। घटना के बाद 3 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था, लेकिन बाकी लोग पानी में बह गए। गुरुवार को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने दो शव बरामद किए।

घटना कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर पटिया गांव के पास की है। अचानक संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया। बचाव दल ने पहले महिला ब्रजरानी और उसके बाद 14 वर्षीय किशोरी अर्चना का शव नदी से निकाला। दोनों शव मिलने के बाद भी राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, क्योंकि अभी 4 बच्चे लापता हैं, जिनकी उम्र 5 से 15 साल के बीच बताई जा रही है।

घटना के बाद से ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इसके अलावा फ्लड पीएसी और स्थानीय गोताखोर भी नदी में उतरकर लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन तेज बारिश और नदी के बढ़े हुए जलस्तर के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम जैसा माहौल है। हर कोई अपने लापता परिजनों की सलामती की दुआ कर रहा है। प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और नदी किनारे लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं और पूरे बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं और रेस्क्यू टीमों को हरसंभव मदद दी जा रही है।

–आईएएनएस

पीआईएम/वीसी


Related Articles

Latest News