UP: अखिलेश यादव ने टॉपर्स को बांटे लैपटॉप, बोले- सपा सरकार बनी तो KG से PG तक बेटियों की पढ़ाई मुफ्त

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा झूठ की सोनपापड़ी बनाती है, जिस पर परत-दर-परत झूठ चढ़ाया जाता है। मेरठ से आए मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर केजी से लेकर पीजी तक बेटियों की पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त की जाएगी।रविवार को सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ने मेरठ के 10वीं और 12वीं के टापर छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए। इस मौके पर सरधना के विधायक अतुल प्रधान भी मौजूद रहे। उनके सहयोग से लखनऊ के कुछ मेधावी छात्र-छात्राओं को भी लैपटॉप दिए गए।

उन्होंने कहा कि डिजिटल डिवाइस देने की शुरुआत सबसे पहले समाजवादी पार्टी ने की थी, जिसका मकसद डिजिटल डिवाइड को खत्म करना था। उन्होंने दावा किया कि उस समय दिए गए लैपटॉप आज भी चल रहे हैं और कई युवाओं ने उसी के जरिये अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की।

बंगाल में ममता के जीतने का दावा

चुनाव प्रक्रिया को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है और लोगों का चुनाव आयोग पर भरोसा है, लेकिन उन्होंने रामपुर और पश्चिम बंगाल की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा हालात सवाल खड़े करते हैं। पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने कहा कि दीदी ही जीतेंगी और वहीं रहेंगी।

तकनीक को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। शनिवार को मोबाइल पर आए अलर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि ऐसी कौन सी तकनीक है, जिससे स्विच ऑफ मोबाइल पर भी अलर्ट आ सकता है। उन्होंने कहा कि जब स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी और बेईमानी की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो ईवीएम पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।

अखिलेश ने भाजपा पर डर और भय का माहौल बनाकर चुनाव लड़ने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा जनता को डराकर वोट लेना चाहती है, लेकिन आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी।

Related Articles

Latest News