इनडोर ओपन कंबाइंड इवेंट्स: 5.41 मीटर के साथ पोल वॉल्ट में कुलदीप ने बनाया नेशनल रिकॉर्ड


भुवनेश्वर, 2 मई (आईएएनएस)। कुलदीप कुमार ने शनिवार को इनडोर स्टेडियम में आयोजित पहली इंडियन इनडोर ओपन कंबाइंड इवेंट्स और पोल वॉल्ट प्रतियोगिता के शुरुआती दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष पोल वॉल्ट में नया नेशनल रिकॉर्ड बना दिया।

मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे 21 वर्षीय कुलदीप ने अपने पहले ही प्रयास में 5.41 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए देव कुमार मीणा का पिछले साल बनाया 5.40 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। इतना ही नहीं, कुलदीप ने मार्च में रीगन जी. के नेशनल इंडोर रिकॉर्ड (5.30 मीटर) को भी पीछे छोड़ दिया। हालांकि, कुलदीप 5.46 मीटर की ऊंचाई पर अपने तीनों प्रयासों में सफल नहीं हो सके।

इस बीच देव कुमार मीणा भी शानदार फॉर्म में नजर आए। इस साल की शुरुआत में, मार्च में ताइवान में उन्होंने अपने नेशनल रिकॉर्ड (5.40 मीटर) की बराबरी की थी। इवेंट से पहले उन्हें ही जीत का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था, लेकिन शनिवार को उन्हें ब्रॉन्ज से ही संतोष करना पड़ा। गोल्ड के लिए मुकाबला तीन एथलीट्स देव कुमार मीणा, कुलदीप कुमार और रीगन जी. के बीच था।

जैसे-जैसे प्रतियोगिता आगे बढ़ी, देव कुमार मीणा को संघर्ष करते हुए ब्रॉन्ज (5.20 मीटर) से ही संतोष करना पड़ा। रीगन जी. ने 5.35 मीटर की ऊंचाई पार करने के प्रयास किए, लेकिन तीनों ही प्रयासों में असफल रहे। उन्हें रजत पदक (5.25 मीटर) से संतोष करना पड़ा।

कुलदीप कुमार ने अपने दूसरे प्रयास में 5.35 मीटर की ऊंचाई पार कर ली। इससे उनके आत्मविश्वास को काफी बढ़ावा मिला। उन्होंने बार को 5.41 मीटर तक पहुंचा दिया, जिससे मई के अंत में झारखंड के रांची में होने वाली प्रमुख आउटडोर घरेलू प्रतियोगिता के लिए एक सकारात्मक माहौल बन गया।

आगामी आउटडोर सीजन और भी रोमांचक होगा। भुवनेश्वर में मौजूद टॉप तीन पोल वॉल्टर, ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स और जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए नेशनल टीम में जगह बनाने का लक्ष्य रखेंगे।

हेप्टाथलॉन में भी एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। एनसीओई त्रिवेंद्रम के थौफीक एन. पहले दिन 2943 प्वाइंट्स के साथ सबसे आगे थे। ओडिशा के जसबीर नायक 2927 प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर उनके ठीक पीछे थे। हेप्टाथलॉन के पहले दिन के इवेंट्स थे: 60 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, शॉट पुट और हाई जंप। दूसरे दिन के इवेंट्स में 60 मीटर हर्डल्स, पोल वॉल्ट और 1000 मीटर दौड़ शामिल होगी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News