प्रदेश के करीब 40 जिलों से अधिक जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को आंधी-बारिश व ओलावृष्टि गिरने से तापमान में चार से 12 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई। लखनऊ में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम पारा 21.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार और रविवार को आसमान साफ रहेगा। तेज धूप निकलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में चार-पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। हालांकि, सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय होगा, जिससे पूरब से पश्चिम तक दो-तीन दिन आंधी-पानी का दौर जारी रहने के पूर्वानुमान हैं।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, लगातार दो दिन बारिश और तेज हवा चलने से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली है। शुक्रवार देर रात लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, सुल्तानपुर, अमेठी, वाराणसी, कानपुर, उन्नाव, बलिया और गाजीपुर समेत कई जिलों में बारिश और से दिन का तापमान घटकर 30-32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।हालांकि, इसके विपरीत उरई लगातार दूसरे दिन 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। हरदोई में 17 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात रही। गोरखपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 11.7 डिग्री नीचे पहुंच गया। इस जिले में दिन का पारा 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज से फिर चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से बारिश का दायरा सिमटने के बाद शनिवार को सुबह पूर्वी व तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी संभव है, लेकिन शनिवार से तापमान में फिर बढ़ोतरी शुरू होगी। इसका असर रविवार तक रहेगा। ज्यादातर जिलों में अधिकतम और न्यूनतम में पांच डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि के आसार हैं।
