काबुल, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। तालिबान के उच्च शिक्षा मंत्री निदा मोहम्मद नदीम ने कहा है कि पाकिस्तान के बार-बार होने वाले हमलों के खिलाफ अफगानिस्तान का धैर्य और संयम कमजोरी नहीं है। उन्होंने कहा कि काबुल सही समय और सही हालात में इस्लामाबाद को जवाब देगा।
नदीम ने कहा कि पाकिस्तान के हमलों के बाद भी अफगानिस्तान का हौसला और हिम्मत कमजोर नहीं होगी। उन्होंने खास तौर पर कुनार में सैयद जमालुद्दीन यूनिवर्सिटी पर हुए हालिया हमले का जिक्र किया और कहा कि इससे देश की वैज्ञानिक तरक्की नहीं रुकेगी।
उन्होंने कहा कि तालिबान ने मुश्किल हालात में परवरिश पाई है और वे कुर्बानी से अनजान नहीं हैं। अफगानी लोग अपने सिस्टम की पूरी ताकत से रक्षा करेंगे। हमारा धैर्य कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। जरूरत पड़ने पर हम जोरदार जवाब देने में सक्षम हैं।
सोमवार को पाकिस्तान की ओर से किए गए हमलों में कुनार प्रांत के कई हिस्सों को निशाना बनाया गया, जिनमें प्रांतीय राजधानी असदाबाद और सरकानो जिले शामिल हैं। इन हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 75 लोग घायल हुए।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, ताजा हमलों में रिहायशी इलाकों के साथ-साथ सैयद जमालुद्दीन अफगान यूनिवर्सिटी को भी निशाना बनाया गया। यूनिवर्सिटी परिसर पर मोर्टार दागे गए, जिससे काफी नुकसान हुआ और छात्रों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
मंगलवार को अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने काबुल में मौजूद पाकिस्तानी दूतावास के चार्ज डी’अफेयर्स को तलब किया और हालिया हमलों पर आपत्ति जताई।
काबुल ने पाकिस्तानी राजनयिक को एक विरोध पत्र भी सौंपा, जिसमें डूरंड लाइन के पास सार्वजनिक जगहों और कुनार के बीचों-बीच स्थित यूनिवर्सिटी को निशाना बनाए जाने की शिकायत की गई।
विदेश मंत्रालय ने इन हमलों और अफगान हवाई क्षेत्र के उल्लंघन की कड़ी निंदा की और कहा कि यह देश की संप्रभुता के खिलाफ है और अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का उल्लंघन है।
मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी कार्रवाई उकसाने वाली है और अफगान पक्ष पर हालिया तनाव शुरू करने के आरोपों को पूरी तरह खारिज करता है। साथ ही यह भी कहा कि हालात के असली कारणों की ठीक से जांच होनी चाहिए।
अफगानिस्तान ने पाकिस्तान से ऐसी कार्रवाइयों से बचने को कहा और दोहराया कि उसे अपने देश और लोगों की रक्षा का पूरा अधिकार है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर ऐसे गैर-जिम्मेदाराना कदम जारी रहे तो इसके अच्छे नतीजे नहीं होंगे।
–आईएएनएस
एवाई/एबीएम
