बीजिंग, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने 25 अप्रैल को म्यांमार की राजधानी नाय प्यी ताव में म्यांमार के विदेश मंत्री टिन माउंग स्वे के साथ मुलाकात की।
इस मौके पर वांग यी ने म्यांमार के विदेश मंत्री बनने पर टिन माउंग स्वे को बधाई दी और कहा कि म्यांमार में अभी-अभी नई सरकार का गठन होने और राष्ट्रीय विकास का नया चरण शुरू होने के अवसर पर चीनी विदेश मंत्री म्यांमार के दौरे पर हैं। इससे म्यांमार के साथ संबंध विकसित करने पर चीन का बड़ा महत्व पूरी तरह से जाहिर हुआ। चीन किसी भी समय में म्यांमार का सच्चे भरोसेमंद दोस्त और साझेदार है। चीन म्यांमार के साथ उच्च स्तरीय आदान-प्रदान कायम रहने के साथ व्यवहारिक सहयोग बढ़ाना चाहता है और विकास व पुनरुत्थान करने में म्यांमार की सहायता करना चाहता है, ताकि चीन-म्यांमार साझे भविष्य वाले समुदाय के निर्माण में नई उपलब्धियां हासिल हो सके।
वांग यी ने कहा कि चीन राष्ट्रीय प्रभुसत्ता, सुरक्षा और विकास के हितों की रक्षा में दृढ़ता से म्यांमार का समर्थन करता है और म्यांमार के साथ रणनीतिक संपर्क मजबूत कर भूकंप के बाद पुनर्निर्माण में व्यवहारिक सहयोग करना चाहता है। दोनों पक्षों को बिजली, तेल व गैस में सहयोग मजबूत करने के साथ व्यापारिक निवेश, नवोदित क्षेत्रों में सहयोग, सुरक्षा सहयोग और युवाओं के बीच आदान-प्रदान बढ़ाना चाहिए। इसके अलावा, दोनों पक्षों को ऑनलाइन जुए और दूरसंचार धोखाधड़ी का कड़ा विरोध करना होगा।
वहीं, टिन माउंग स्वे ने कहा कि म्यांमार और चीन पड़ोसी मित्रवत देश हैं। दोनों देश संयुक्त रूप से शांतिपूर्ण सहअस्तित्व के पांच सिद्धांतों की वकालत करते हैं। इससे देशों के बीच मित्रवत आदान-प्रदान की आदर्श मिसाल खड़ी हुई है। म्यांमार अविचल रूप से एक चीन की नीति पर कायम रहता है और चीन के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना चाहता है। म्यांमार देश में चीनी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरसक प्रयास करेगा। इसके साथ म्यांमार चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा प्रस्तुत चार वैश्विक पहलों और अंतर्राष्ट्रीय मामलों में अहम विचारों का पूरा समर्थन करता है। आशा है कि चीन बहुपक्षीय मंचों पर म्यांमार को ज्यादा समर्थन देगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
एबीएम/
