बिहार में गर्मी ने तेवर दिखाना शुरू किया, पटना में पूर्वाह्न 11.30 बजे तक ही चलेंगे क्लास 8वीं तक के स्कूल


पटना, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में अभी अप्रैल में ही मौसम ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में तपती धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। सड़कों पर भी दोपहर में भीड़ कम देखी जा रही है। इस बीच पटना जिला प्रशासन ने दिन के 11.30 बजे के बाद वर्ग आठ तक के स्कूलों में शिक्षण कार्य पर प्रतिबंध लगा दिया है।

पटना जिला अधिकारी त्यागराजन एसएम ने रविवार को जिले में रह रहे अधिक तापमान, विशेष रूप से दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए जिले के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों में वर्ग आठ तक (प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों सहित) की गतिविधियों पर पूर्वाह्न 11:30 बजे के बाद प्रतिबंध लगा दिया है।

जिला प्रशासन ने कहा कि यह आदेश 30 अप्रैल तक लागू रहेगा। इधर, राहत की बात है कि पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित आसपास इलाकों का मौसम शुष्क और आंशिक बादल छाए रहने के साथ उमस वाली गर्मी का प्रभाव बने रहने की संभावना जताई है।

पूर्वनुमान में कहा गया है कि अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के अनेक भागों के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की उम्मीद है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य का अधिकतम तापमान 33.6 से 44.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दर्ज किया गया। विगत 24 घंटों के दौरान किशनगंज एवं अररिया जिले के एक या दो स्थानों में भारी वर्षा और उत्तर भाग के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि शेष जिलों का मौसम शुष्क बना रहा।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी


Related Articles

Latest News