- मुख्यमंत्री ने टाटा मोटर्स संयंत्र में निर्मित 10 लाखवें कॉमर्शियल वाहन का फ्लैग ऑफ किया
- प्लाण्ट में क्षमता संवर्धन एवं प्रशिक्षण केन्द्र ‘गुरुकुल’ तथा प्लाण्ट परिसर का अवलोकन किया, ‘लक्ष्य’ प्रोग्राम के अभ्यर्थियों को सर्टिफिकेट वितरित किए
- यह 10 लाखवां वाहन उस माइलस्टोन मूवमेण्ट का प्रतीक, जो नए भारत के नए उ0प्र0 को नई ऊंचाई की ओर ले जा रहा : मुख्यमंत्री
- प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उ0प्र0 युवाओं के स्केल को स्किल, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी से जोड़कर मार्केट एवं इण्डस्ट्री रेडी वर्कफोर्स के रूप में आगे बढ़ा रहा
- उ0प्र0 में तेजी से बढ़ता इंफ्रास्ट्रक्चर मैन्युफैक्चरिंग के लिए कनेक्टिविटी का बेहतरीन आधार
- समाज की प्रतिदिन की आवश्यकताओं की पूर्ति तथा लोगों की बेहतरीन यात्रा सुनिश्चित करने के लिए टाटा समूह सदैव तत्पर, टाटा ग्रुप भारत में अटूट विश्वास का प्रतीक
- उ0प्र0 के साथ टाटा ग्रुप की साझेदारी सिर्फ निवेश तक सीमित नहीं, बल्कि विश्वास, विकास और नए भारत के नए उ0प्र0 को समृद्धि की नई ऊंचाई तक पहुंचाने की
- प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से इसी माह गंगा एक्सप्रेस-वे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जिससे देश के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क में उ0प्र0 का योगदान 60 प्रतिशत हो जाएगा
- उ0प्र0 की एयर कनेक्टिविटी बेहतरीन, 05 इण्टरनेशनल एयरपोर्ट सहित 16 एयरपोर्ट क्रियाशील
- टाटा मोटर्स के लखनऊ प्लाण्ट ने अपनी 34 वर्ष की यात्रा के दौरान नई सोच के अनुरूप नए इन्वेस्टमेण्ट और नए विज़न को धरातल पर उतारा
- टाटा मोटर्स के लखनऊ प्लाण्ट द्वारा निर्मित 10 लाखवें वाहन की मुख्यमंत्री जी द्वारा लॉचिंग उ0प्र0 के साथ टाटा ग्रुप के सहयोग और विश्वास का प्रतीक : चेयरमैन, टाटा सन्स
केसरिया न्यूज़, लखनऊ, 15 अप्रैल, 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि टाटा मोटर्स की 34 वर्षों की शानदार यात्रा के दौरान लखनऊ प्लाण्ट में निर्मित 10 लाखवें कॉमर्शियल व्हीकल का फ्लैग ऑफ इण्डस्ट्रियल रेवॉल्यूशन मात्र नहीं, बल्कि यह देश की सबसे बड़ी आबादी के राज्य उत्तर प्रदेश सहित भारत की ऐतिहासिक उड़ान को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने का लॉन्च पैड है। यह हम सबके लिए अत्यन्त गौरव और प्रसन्नता का क्षण है।
मुख्यमंत्री जी आज टाटा मोटर्स संयंत्र में निर्मित 10 लाखवें कॉमर्शियल वाहन का फ्लैग ऑफ करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने प्लाण्ट में स्थित क्षमता संवर्धन एवं प्रशिक्षण केन्द्र ‘गुरुकुल’ तथा प्लाण्ट परिसर का अवलोकन किया तथा ‘लक्ष्य’ प्रोग्राम के अन्तर्गत अभ्यर्थियों को सर्टिफिकेट वितरित किए। उन्होंने संयत्र के 10 लाखवें वाहन (इलेक्ट्रिक बस) की सवारी भी की। अपने विजन से टाटा समूह को नई ऊंचाई प्रदान करने वाले टाटा ग्रुप के अध्यक्ष श्री एन0 चन्द्रशेखरन व उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह 10 लाखवां वाहन पब्लिक ट्रांसपोर्ट के बेहतरीन साधन के रूप में आमजन को सुविधा उपलब्ध कराएगा। यह उस माइलस्टोन मूवमेण्ट का प्रतीक है, जो नए भारत के नए उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाई की ओर ले जा रहा है। यह उड़ान अब रुकेगी नहीं, बल्कि आसमान की उन ऊंचाइयों तक पहुंचेगी, जहां हर चेहरे पर खुशहाली लाई जा सकती है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब हम मोमेण्टम की बात करते हैं, तो यह केवल एक ‘एम’ मात्र नहीं है, बल्कि जहां ‘मास’ (द्रव्यमान) है, वहां वेलॉसिटी (गति) भी है। यह गति हम सभी को एक नई ताकत देती है। यदि उत्तर प्रदेश के परिप्रेक्ष्य में देखें, तो ‘एम’ का मतलब ‘मासेज’ भी है। यह 25 करोड़ की आबादी का राज्य है। प्रदेश में 56 प्रतिशत वर्कफोर्स युवा आबादी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश, युवाओं के स्केल को स्किल, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी से जोड़कर मार्केट रेडी एवं इण्डस्ट्री रेडी वर्कफोर्स के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। ‘वी’ अर्थात वेलॉसिटी डबल इंजन सरकार की डबल स्पीड का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह मोमेण्टम सिर्फ आंकड़ों में ही नहीं है, बल्कि वह धरातल पर भी देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ता इंफ्रास्ट्रक्चर मैन्युफैक्चरिंग के लिए कनेक्टिविटी का बेहतरीन आधार दे रहा है। हमनें टाटा मोटर्स द्वारा बनाई गई बसों में बचपन से यात्राएं की हैं। टाटा के ट्रकों द्वारा अन्तिम छोर तक सामान पहुंचाते हुए तथा जनता की आवश्यकताओं को पूरा करते हुए देखा है। समाज की प्रतिदिन की आवश्यकताओं की पूर्ति तथा लोगों की बेहतरीन यात्रा सुनिश्चित करने के लिए टाटा समूह सदैव तत्पर रहा है। इसी यात्रा के साथ टाटा ग्रुप भारत में अटूट विश्वास का प्रतीक बना है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि लोगों ने टाटा को ट्रस्ट से जोड़ा है। लोग यह मानते हैं कि यदि टाटा ने कोई प्रोडक्ट बनाया है, तो वह अच्छा ही होगा। लोगों का यह विश्वास तब बना है, जब टाटा समूह ने अपने संस्थापकों और अपने नेतृत्व पर विश्वास करते हुए परिश्रम को परिणाम में बदला है। यह ट्रस्ट आज प्रत्येक भारतवासी सहित दुनिया के हर उस देश में देखने को मिलता है, जहां टाटा के उत्पाद और मैन्युफैक्चरिंग पहुंची है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि टाटा ग्रुप के विश्वास, गुणवत्ता और राष्ट्र निर्माण के प्रवर्तमान अभियान में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए सभी इसके प्रति सम्मान का भाव रखते हैं। घड़ी की सुई से लेकर जहाज निर्माण, नमक से लेकर नेटवर्किंग तथा स्टील से लेकर सॉफ्टवेयर एवं एजुकेशन, हेल्थ, पावर, डिफेंस, व्हीकल, होटल सहित हर क्षेत्र में टाटा ग्रुप देश को सशक्त भारत बनाने की दिशा में अपने जिस अभियान को लेकर आगे बढ़ा है, वह अत्यन्त सराहनीय है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ टाटा ग्रुप की साझेदारी सिर्फ निवेश तक सीमित नहीं है, बल्कि यह साझेदारी विश्वास, विकास और नए भारत के नए उत्तर प्रदेश को समृद्धि की नई ऊंचाई तक पहुंचाने की है। आज से 08-09 वर्ष पहले, उत्तर प्रदेश में अत्यन्त चुनौतीपूर्ण स्थितियां दिखाई देती थी। उस समय प्रदेश के सामने पहचान तथा सुरक्षा का संकट था। यहां कनेक्टिविटी अच्छी नहीं थी। उस समय सरकार की नीयत साफ नहीं थी तथा विकास की कोई नीति भी नहीं थी। इसका परिणाम था कि उत्तर प्रदेश में निवेश करने से लोग डरते थे। आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर माहौल है। साथ ही, प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में यहां इन्फ्रास्ट्रक्चर का बेहतरीन मॉडल भी देखने को मिलता है। आज भारत के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का 55 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। इसी माह प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से गंगा एक्सप्रेस-वे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। लगभग 600 किलोमीटर लम्बा गंगा एक्सप्रेस-वे बनने के बाद, देश के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश का योगदान 60 प्रतिशत हो जाएगा। प्रदेश की इण्टरस्टेट कनेक्टिविटी को फोर-लेन से जोड़ा जा चुका है। हर जनपद मुख्यालय को फोर-लेन, तहसील मुख्यालय को फोर-लेन या टू-लेन तथा विकासखण्ड मुख्यालय को टू-लेन या फोर-लेन से जोड़ने का कार्य लगभग पूरा किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की एयर कनेक्टिविटी बेहतरीन हुई है। आज से 09 वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में केवल दो एयरपोर्ट पूरी तरह क्रियाशील थे। आज प्रदेश में 16 एयरपोर्ट पूरी तरह से क्रियाशील है। प्रदेश में 05 इण्टरनेशनल एयरपोर्ट है। इनमें से हाल ही में भारत के सबसे बड़े इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर को प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से राष्ट्र को समर्पित किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि टाटा मोटर्स के लखनऊ प्लाण्ट ने अपनी 34 वर्ष की यात्रा के दौरान नई सोच के अनुरूप नए इन्वेस्टमेण्ट और नए विज़न को धरातल पर उतारा है। डीजल, सी0एन0जी0 के बाद अब इलेक्ट्रिक व्हीकल भी इस प्लाण्ट में बनकर तैयार हो रहे हैं। आज यहां शानदार इलेक्ट्रिक बस का फ्लैग ऑफ किया गया है। जब इस प्रकार की बसें पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए सड़कों पर दिखेंगी, तो वह अत्यन्त मनमोहक दृश्य होगा। वर्तमान में प्रदेश के सात शहरों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। यह इलेक्ट्रिक बसें मेट्रो और कॉमन मैन के बीच के गैप को भरने का काम कर सकती हैं। इनके माध्यम से अधिक से अधिक लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा का लाभ प्राप्त होने के साथ-साथ नेट जीरो का लक्ष्य प्राप्त करने में सफलता प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि टाटा मोटर्स के कैम्पस में रिन्यूएबल एनर्जी का बेहतरीन उपयोग कर नेट जीरो का लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए गए हैं। यहां वॉटर कन्जर्वेशन के लिए भी बेहतरीन उपाय किए गए हैं। हम लोग जितने जल का उपयोग कर रहे हैं, उससे ज्यादा रिचार्ज का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना प्रगति का आधार है। जल एक ईश्वरीय द्रव्य है, जिसका हम लोग उपयोग तो करते हैं, लेकिन संरक्षण नहीं कर पाते। लेकिन इस प्लाण्ट में जितने जल का उपयोग हो रहा है, उससे ज्यादा रिचार्ज कर सुरक्षित भी किया जा रहा है। यही टाटा ग्रुप की प्रगति का आधार है। यही लक्ष्य हम सभी के दैनिक जीवन में विकास और प्रत्येक कॉमनमैन के विश्वास का आधार बनता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां 5,600 से ज्यादा कार्मिक टेक्नोलॉजी का उपयोग कर दो शिफ्ट में कार्य करते हुए भारत की आवश्यकता के अनुरूप डीजल, सी0एन0जी0 व इलेक्ट्रिक बसों तथा ट्रकों का निर्माण कर रहे हैं। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, हाई-वे के निर्माण के दौरान लोडिंग-अनलोडिंग के काम में टाटा द्वारा बनाये ट्रकों ने योगदान दिया है। अब इन ट्रकों का इलेक्ट्रिक वर्जन भी यहां देखने को मिला है, जिनका बैकअप 200 किलोमीटर तक है। डिफेंस की आवश्यकता के अनुसार ट्रकों की मैन्युफैक्चरिंग इसी प्लाण्ट में हो रही है। आज यहां ‘लक्ष्य’ प्रोग्राम के अन्तर्गत 34 युवाओं को सर्टिफिकेट वितरित किए हैं। यह युवा टाटा समूह के माध्यम से बी-टेक की डिग्री प्राप्त करेंगे। यह युवा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से सम्बन्धित हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब हम लोग अपने कार्य के प्रति ईमानदार होते हैं, तो हमें जनता का विश्वास प्राप्त होता है। टाटा समूह ने वह विश्वास अर्जित किया है। टाटा समूह में काम करने वाले कार्मिक जब किसी को अपना परिचय देते हैं, तो सामने वाले के चेहरे पर खुशी दिखायी देती है कि वह एक प्रतिष्ठित समूह से जुड़ा हुआ है। टाटा के प्रति यही ट्रस्ट आम जनमानस के मन में है कि वह व्यक्ति अच्छे ग्रुप के साथ जुड़कर राष्ट्र निर्माण अभियान में अपना योगदान दे रहा है। स्वप्न दृष्टा स्व0 रतन टाटा जी ने लखनऊ में इस प्लाण्ट का शुभारम्भ कराया। आज यह प्लाण्ट प्रगति के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्लाण्ट के कार्मिकों का आह्वान करते हुए कहा कि यदि आपको आगे बढ़ना है, तो मन में टाटा समूह के प्रति कृतज्ञता का भाव होना चाहिए। यह ग्रुप देश के विकास में अपना योगदान दे रहा है। इसके कारण आपको आगे बढ़ने, आपके बच्चों को पढ़ने और युवाओं को आगे बढ़ने तथा अपनी पहचान बनाए रखने में सहायता मिल रही है। जिस समूह में काम करें, वहां टीम वर्क दिखना चाहिए। कार्य में पूरी ईमानदारी व प्रतिबद्धता होनी चाहिए। यह कार्य आपकी जीवन यात्रा में सदैव सहायता करेगा।

टाटा सन्स व टाटा समूह के चेयरमैन श्री एन0 चन्द्रशेखरन ने कहा कि टाटा मोटर्स के लखनऊ प्लाण्ट द्वारा निर्मित 10 लाखवें वाहन की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लॉचिंग उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह उत्तर प्रदेश के साथ टाटा ग्रुप के सहयोग और विश्वास का प्रतीक है। हम मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विकसित उत्तर प्रदेश/2047 के विजन को साकार करने में मजबूती से अपना योगदान देने के लिए तत्पर हैं।
टाटा मोटर्स के एम0डी0 एवं सी0ई0ओ0 श्री गिरीश वाग ने उत्तर प्रदेश को औद्योगिक विकास व मैन्युफैक्चरिंग का मजबूत केन्द्र बनाने के लिए मुख्यमंत्री जी के दूरदर्शी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज हम टाटा मोटर्स के लखनऊ प्लाण्ट से 10 लाखवें वाहन के निर्माण के साक्षी बन रहे हैं। लखनऊ प्लाण्ट की इस सफलता में उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों, इन्फ्रास्ट्रक्चर सपोर्ट व प्रशासनिक सहयोग की बड़ी भूमिका रही है। सरकार के सहयोग ने राज्य में मैन्यूफैक्चरिंग को मजबूती प्रदान की है।

इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह, विधायक श्री योगेश शुक्ल, वायस चेयरमैन ऑपरेशन्स टाटा मोटर्स श्री विशाल बादशाह सहित टाटा समूह के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
