मुंबई, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा की महान गायिका आशा भोसले के अंतिम दर्शन के लिए राजनेता से लेकर बॉलीवुड जगत के सभी बड़े सितारे पहुंच रहे हैं। आशा भोसले का अंतिम संस्कार 3 बजे के बाद मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
दिग्गज गायिका के अंतिम दर्शन के समय तब्बू और आशा पारेख काफी इमोशनल दिखाई दिए। बॉलीवुड से कई हस्तियां आशा को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंची हैं।
अंतिम दर्शन के लिए अभिनेत्री तब्बू, आशा पारेख, सचिन तेंदुलकर, रितेश देशमुख, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मी ठाकरे और नेता आदित्य ठाकरे, महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, भारतीय गायक और संगीतकार लेस्ली पीटर लुईस, और भारतीय संगीतकार उत्तम सिंह को देखा गया।
भारतीय संगीतकार उत्तम सिंह ने आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने कहा, “देश ने चांद और सूरज दोनों खो दिए। पहले लता दीदी चली गई और अब आशा जी चली गईं। हम क्या ही श्रद्धांजलि दें, उनका जाना संगीत जगत के लिए बड़ा नुकसान है और दोबारा लता और आशा जी से बड़ा सिंगर कभी पैदा नहीं हो सकता है।
सांसद अरविंद सावंत ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, “आशा और लता ताई के गाने सुनकर ही हमारा बचपन गुजरा है और आज भी उनके सदाबहार गाने सुनते हैं। उनके संघर्ष की तुलना किसी से नहीं की जा सकती क्योंकि उन्होंने पर्सनल और प्रोफेशनल दोनों स्तर पर बहुत कुछ झेला है। इतनी पीड़ा सहने के बाद भी उन्होंने अपनी गायकी में दर्द को झलकने नहीं दिया।”
संगीतकार लेस्ली पीटर लुईस भी आशा भोसले के अंतिम दर्शन में पहुंचे। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ हिंदी सिनेमा या संगीत जगत का ही नुकसान नहीं है, बल्कि पूरे देश ने एक लीजेंड खोया है और उसकी भरपाई कर पाना मुश्किल है। मैंने उनके साथ बहुत सारे गाने किए हैं और यही मेरे लिए सौभाग्य की बात है।”
वहीं अभिनेता संजय नार्वेकर ने बताया कि आशा जी ने सिखाया कि जीवन को जीना कैसे है। उन्होंने कहा, “आशा भोसले वे सिंगर थीं, जिन्होंने जीवन को जीना सिखाया और जीकर भी दिखाया। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को ऊंचा स्थान मिले।”
आशा भोसले और लता मंगेशकर के संगीत के सवाल पर अभिनेता ने कहा कि दोनों के गाने का तरीका अलग था और यही कारण था कि दोनों ही महान थीं और हमेशा रहेंगी।
भारतीय सिनेमा की सिंगर साधना सरगम ने आशा भोसले के निधन को संगीत के एक युग का अंत बताया, क्योंकि जो संगीत उन्होंने दिया उसे छू पाना किसी के बस की बात नहीं है।
–आईएएनएस
पीएस/एएस
