युद्ध के बीच भी रिलीज होगी 'पल्लीचट्टंबी', टोविनो थॉमस ने बताई वजह


चेन्नई, 31 मार्च (आईएएनएस): दुनिया के कई हिस्सों में चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर अब फिल्म इंडस्ट्री पर भी साफ दिखाई देने लगा है। यह कई फिल्मों की रिलीज प्लानिंग को प्रभावित कर रहा है।

कई बड़े मलयालम प्रोजेक्ट्स ने अपनी रिलीज डेट टालने का फैसला लिया है, लेकिन इसी बीच एक फिल्म ऐसी भी है जो तय समय पर ही सिनेमाघरों में आने की तैयारी में है। यह फिल्म है ‘पल्लीचट्टंबी’, जिसे लेकर अभिनेता टोविनो थॉमस ने अपनी चुप्पी तोड़ी और बताया कि आखिर क्यों मेकर्स ने रिलीज को आगे नहीं बढ़ाया।

आईएएनएस से बात करते हुए टोविनो थॉमस ने कहा, ”मौजूदा युद्ध जैसी स्थिति बेहद चिंताजनक है और इससे ज्यादा जरूरी कुछ नहीं हो सकता। मेरे कई करीबी दोस्त और परिवार के लोग मिडिल ईस्ट में रहते हैं, जो इस समय अनिश्चितता और डर के माहौल में हैं। ऐसे में मेरे लिए फिल्म की कमाई या रिलीज से ज्यादा महत्वपूर्ण वहां के लोगों की सुरक्षा है। सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का माध्यम है और यह कभी भी इंसानों से ऊपर नहीं हो सकता।”

उन्होंने आगे कहा, ”इस फिल्म की रिलीज डेट काफी पहले ही तय कर दी गई थी। जब यह तनाव शुरू हुआ था, तब शुरुआती दिनों में सभी को उम्मीद थी कि हालात जल्द ही सामान्य हो जाएंगे, जैसा कि पहले भी कई बार हुआ है। इसी सोच के साथ फिल्म को 9 अप्रैल को रिलीज करने का फैसला बरकरार रखा गया। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि स्थिति इतनी लंबी खिंच सकती है।”

टोविनो ने कहा, “हालांकि, बाद में एक और चुनौती सामने आई, जो थी चुनावों की। 9 अप्रैल को कई जगह चुनाव होने वाले थे, जिससे फिल्म के बिजनेस पर असर पड़ सकता था। इसे देखते हुए मेकर्स ने रिलीज डेट को एक दिन आगे बढ़ाकर 10 अप्रैल कर दिया। फिल्म में बड़ी रकम निवेश की गई है और ऐसे में हर फैसला बहुत सोच-समझकर लेना पड़ता है।”

टोविनो ने कहा, “सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि किसी को नहीं पता कि यह युद्ध कब खत्म होगा। आज भी जब मैं मिडिल ईस्ट में अपने दोस्तों से बात करता हूं, तो वहां के हालात पूरी तरह अनिश्चित नजर आते हैं। ऐसे में अगर फिल्म की रिलीज को टाला भी जाए, तो यह कहना मुश्किल है कि सही समय कब आएगा। यही वजह है कि मेकर्स को एक कठिन लेकिन जरूरी फैसला लेना पड़ा।”

उन्होंने कहा, ”फिल्म का पैसा प्रोड्यूसर का होता है, इसलिए अंतिम फैसला भी उन्हीं का होना चाहिए। मैं प्रोड्यूसर के हर फैसले के साथ खड़े रहूंगा।”

–आईएएनएस

पीके/एएस


Related Articles

Latest News