आईपीएल 2026: 1 मिनट के लिए शांत हो गया एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, पिछले सीजन भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 प्रशंसकों को दी गई श्रद्धांजलि


बेंगलुरु, 28 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (आईपीएल 2026) की शुरुआत हो चुकी है। उद्घाटन मुकाबला एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला जा रहा है। आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है।

आरसीबी और एसआरएच के बीच होने सीजन के पहले मुकाबले की पहली गेंद फेंके जाने से पहले फील्ड पर एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने खेल के साथ ही इंसानियत को जिंदा कर दिया।

आरसीबी-एसआरएच मैच की शुरुआत से पहले स्टेडियम में पिछले सीजन अपनी जान गंवाने वाले 11 प्रशंसकों की याद और उनके सम्मान में एक मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान दोनों ही टीमों के खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, प्रबंधन से जुड़े लोग और स्टेडियम में मौजूद दर्शक शांत अवस्था में खड़े थे। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने प्रशंसकों के श्रद्धांजलि स्वरूप अपनी बांह पर काली पट्टी बांध रखी है।

एक मिनट के इस मौन ने इस बात को साबित किया है कि क्रिकेट के लिए प्रशंसक कितने अहम हैं।

दरअसल, आरसीबी ने आईपीएल 2025 का खिताब जीता था। टीम ने खिताब का जश्न मनाने के लिए एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 4 जून 2025 को कार्यक्रम रखा था। कार्यक्रम के दौरान उम्मीद से अधिक संख्या में फैंस जमा हो गए और भीड़ की वजह से भगदड़ हो गई। भगदड़ में आरसीबी के 11 फैंस की मौत हो गई थी।

आरसीबी ने अपने उन 11 फैंस के लिए नगद राशि की घोषणा की थी। साथ ही आईपीएल 2026 में आरसीबी ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीट उन फैंस की याद में खाली रखने का फैसला किया है।

आरसीबी ने 18वें सीजन में पहली बार आईपीएल का खिताब आईपीएल 2025 में जीता था। आरसीबी फैंस के मुताबिक मौजूदा टीम पिछले सीजन से भी मजबूत और इस बार आरसीबी अपने खिताब का बचाव कर सकती है।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News