पटना, 23 अगस्त (आईएएनएस)। चांद पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग होते ही बिहार जश्न में डूब गया। बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री ने इस सफलता पर इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी है।
राज्यपाल आर्लेकर ने चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर इसरो की पूरी टीम को बधाई दी है। राज्यपाल ने कहा है कि चंद्रयान-3 की चंद्रमा की सतह पर सफल लैंडिंग कराकर भारत ने अंतरिक्ष में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता हमारे वैज्ञानिकों के कठिन परिश्रम का प्रतिफल है और इसपर प्रत्येक भारतवासी को गर्व है।
वहीं, मुख्यमंत्री ने वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग कराकर भारत ने अंतरिक्ष में एक नया इतिहास रच दिया है, जिस पर हर भारतवासी गौरवान्वित है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह इसरो के वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत का नतीजा है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों की मेहनत और क़ाबिलियत ने अंतरिक्ष में भारत को यह ऐतिहासिक उपलब्धि दिलाई है। उन्होंने कहा कि 1962 से देशहित में अंतरिक्ष कार्यक्रमों के लिए समर्पित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों ने चंद्रमा पर इतिहास रचा है। 140 करोड़ भारतीयों को अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है।
–आईएएनएस
एमएनपी/एसजीके
