Wednesday, February 25, 2026

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर केजरीवाल बोले – 'भारत माता की जय'


नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए इसरो को बधाई दी।

बुधवार शाम को भारत के मून मिशन चंद्रयान-3 ने चांद की सतह पर अपने निर्धारित समय पर सफलापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कर ली। इसके साथ भारत चांद पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ”ये ऐतिहासिक है। देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। हम सबके लिए गर्व की बात है। चंद्रयान-3 की सफलता के लिए सभी देशवासियों, इसरो के वैज्ञानिकों, इंजीनियर और कर्मचारियों को बहुत-बहुत बधाई। भारत माता की जय।”

सीएम केजरीवाल ने इसरो का एक ट्वीट भी संलग्न किया, जिसमें लिखा था- “चंद्रयान-3 मिशन: ‘भारत, मैं अपनी मंजिल तक पहुंच गया और आप भी!’ चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग हो गई है! बधाई हो, भारत!”

बता दें कि 40 दिनों से अधिक समय तक लगभग 3.84 लाख किमी की यात्रा करने के बाद लैंडर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरा। लैंडिंग के साथ, 615 करोड़ रुपये के चंद्रयान -3 मिशन का एक बड़ा हिस्सा पूरा हो गया है।

–आईएएनएस

एफजेड


Related Articles

Latest News