Monday, February 23, 2026

एमिटी की दूसरी जीत , नोएडा सिटी और एम 2 एम से होड़


नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। डीएसए ए डिवीजन लीग के सुपर सिक्स ग्रुप में एमिटी इंडियन नेशनल ने नॉर्दन यूनाइटेड एफसी को एक के मुकाबले दो गोलों से हरा कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की । नेहरू स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में विजेता के लिए विनय और अमन कुमार ने जबकि पराजित टीम के लिए हेमंत ठाकुर ने गोल किये।

आज की जीत के साथ एमिटी उन टीमों में शामिल हो गई है, जिन्होंने अपने दोनों मैच जीत कर खिताब की दौड़ में पहले पायदान पर स्थान बना लिया है। एमिटी के अलावा नोएडा सिटी एफसी और एम 2 एम भी दो जीत के साथ खिताबी दौड़ में आगे बढ़ रही हैं। सभी ने दो जीत के साथ छह अंक जुटाए हैं।

एमिटी इंडियन नेशनल और नॉर्दन यूनाइटेड के बीच खेला गया मैच रोमांचक रहा। पहले हाफ का मुकाबला उतार-चढ़ाव वाला रहा। नॉर्दन यूनाइटेड को मौके मिले जोकि कमजोर निशानेबाजी के चलते बेकार गए। अग्रिम पंक्ति में हेमंत ठाकुर, फैजान, जगन्नाथ, केनेडी कुकी और थंगजोलीन ने बार बार गलत निशाने लगाए । दूसरी तरफ गांव देहात के दमदार खिलाड़ियों से सजी एमिटी की रक्षा पंक्ति ने अपना काम बखूबी निभाया। रितेश की लंबी थ्रो पर विनय का गोल मौके पर चौके जैसा रहा। हालांकि हेमंत ने शानदार गोल जमा कर हिसाब चुकता कर दिया लेकिन लंबी सीटी से पांच मिनट पहले अमन कुमार ने विजयी गोल दाग कर नॉर्दन यूनाइटेड के खाते में दूसरी हार डाल दी।

रविवार 23 जून को खेले जाने वाले मैचों में नोएडा सिटी को बंग दर्शन से , हॉप्स को नॉर्दन यूनाइटेड से और एम 2 को एमिटी नेशनल से खेलना है।

–आईएएनएस

आरआर


Related Articles

Latest News