भारत में पहली बार नेशनल वीमेंस हॉकी लीग, 30 अप्रैल से 9 मई तक रांची में आयोजन


रांची, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत में पहली बार नेशनल वीमेंस हॉकी लीग (एनडब्ल्यूएचएल) आगामी 30 अप्रैल से 9 मई तक रांची में आयोजित की जाएगी।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि हॉकी झारखंड की मेजबानी में हो रहे इस लीग में देश की महिला हॉकी प्लेयर्स को अपना कौशल दिखाने और घरेलू स्तर पर उच्चतम स्तर की प्रतिस्पर्धा का मंच मिलेगा। यह अपनी तरह का पहला घरेलू लीग टूर्नामेंट होगा, जिसमें देश की टॉप महिला हॉकी प्लेयर्स अलग-अलग टीमों से भाग लेंगी। लीग में देश की आठ टीमें हिस्सा लेगी।

उन्होंने बताया कि इनमें हॉकी हरियाणा, हॉकी महाराष्ट्र, हॉकी झारखंड, हॉकी मध्य प्रदेश, हॉकी बंगाल, हॉकी मिजोरम, मणिपुर हॉकी और हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा की टीमें शामिल हैं। सभी टीमें एक-दूसरे से खेलेंगी और सारे मैच रांची के मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। मैच हर रोज सुबह 7 बजे, दोपहर 4 बजे, शाम 6 बजे और रात 8 बजे खेले जाएंगे। हर मैच का लाइव टेलीकास्ट भी होगा। स्टेडियम में दर्शकों की एंट्री फ्री रहेगी।

हॉकी इंडिया के महासचिव ने कहा कि यह लीग देश में न सिर्फ महिला हॉकी प्रतिभाओं को नया मंच देगा, बल्कि, नए खिलाड़ियों के लिए भी गेमचेंजर होगा। इसी सोच के तहत टीमों में अंडर 21 प्लेयर्स को भी जगह दी गई है। लीग में सभी इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

–आईएएनएस

एसएनसी/एकेएस


Related Articles

Latest News