Thursday, February 12, 2026

भाजपा ने भदोही सीट से डॉ. विनोद कुमार बिंद को बनाया उम्मीदवार, रोचक चुनावी मुकाबले के आसार


लखनऊ, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा ने भदोही लोकसभा सीट से डॉ. विनोद कुमार बिंद को अपना उम्मीदवार बनाया है। मूल रूप से चंदौली के रहने वाले विनोद कुमार बिंद पेशे से चिकित्सक हैं।

डॉ. विनोद कुमार बिंद अभी मिर्जापुर जिले की मझवां विधानसभा सीट से निषाद पार्टी के विधायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने उन्हें भदोही जिले की ज्ञानपुर सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था। लेकिन, बिंद मझवां सीट से टिकट मांग रहे थे।

सपा की ओर से ज्ञानपुर से टिकट मिलने के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी और निषाद पार्टी के बैनर तले चुनाव लड़कर विधायक चुने गए।

भदोही में विनोद कुमार बिंद का मुकाबला टीएमसी के प्रत्याशी ललितेशपति त्रिपाठी से होगा। ललितेश सपा-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार हैं।

सपा ने ये सीट टीएमसी को दी है। कांग्रेस के दिग्गज नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी के प्रपौत्र ललितेशपति त्रिपाठी कांग्रेस के टिकट पर मिर्जापुर की मड़िहान सीट से विधायक रह चुके हैं।

आईएएनएस

विकेटी/एकेएस


Related Articles

Latest News