Saturday, February 14, 2026

बिहार : अपहृत युवक का शव बरामद, एक गिरफ्तार


बिहारशरीफ, 25 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के राजगीर थाना क्षेत्र से दो दिन पूर्व लापता एक युवक का शव सोमवार को जिले के सिलाव थाना क्षेत्र से बरामद किया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार लिया है। पुलिस के मुताबिक, सिलाव थाना इलाके के विश्‍वकर्मा टोला से एक युवक का शव बरामद किया गया है। आशंका जताई गई है कि युवक के हाथ पैर बांधकर पिटाई की गई और उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गया जिले के नीमचक बथानी के निवासी प्रेमचन्द्र चौरसिया के पुत्र गौरव कुमार के रूप में की गई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रामरूप चौरसिया ने राजगीर थाना में गौरव के अपहरण करने और मुक्त करने के एवज में 10 लाख रुपये की फिरौती मांग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि तकनीकी अनुसंधान के आधार पर दो लोगो को पूछताछ के लिए खुदागंज थाना लाया गया। उन्होने गौरव कुमार का अपहरण कर हत्या करने की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर अपहृत गौरव कुमार के शव को सिलाव थानाक्षेत्र से बरामद कर लिया गया।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है , जिसकी पहचान शुभम कुमार के रूप में की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इधर, कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग में हत्या की बात भी बता रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

–आईएएनएस

एमएनपी/एसजीके


Related Articles

Latest News