कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राजभवन में मुलाकात की. पीएम मोदी आज से राज्य के दो दिवसीय दौरे पर हैं और रात्रि विश्राम राजभवन में करेंगे. एक अधिकारी ने बताया कि ये मुलाकात प्रोटोकॉल के मुताबिक हुई. पीएम मोदी के वहां पहुंचने के तुरंत बाद शाम 6 बजे से कुछ मिनट पहले बनर्जी के काफिले को राजभवन में प्रवेश करते देखा गया. पिछले साल दिसंबर में ममता बनर्जी ने राज्य का बकाया जारी करने के लिए दबाव बनाने के लिए नई दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात की थी. सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के अनुसार केंद्र पर पश्चिम बंगाल का 1.18 लाख करोड़ रुपये बकाया है.
