Saturday, February 14, 2026

बिहार में स्कूल की टाइमिंग में बदलाव, शिक्षा विभाग ने जारी की अधिसूचना


पटना, 28 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार में काफी हंगामे के बाद स्कूल की टाइमिंग में बदलाव कर दिया गया। शिक्षा विभाग द्वारा बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई। बिहार में स्कूल अब सुबह 9.45 से शाम 4.15 बजे तक चलेंगे।

इससे पहले स्कूल की टाइमिंग को लेकर प्रदेश में जमकर बवाल मचा था। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भी विपक्षी सदस्यों द्वारा दो दिनों तक जमकर हंगामा किया गया था। स्थिति यहां तक पहुंच गई थी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी को सदन में इसे लेकर बयान देना पड़ा था।

इस अधिसूचना में शिक्षकों के आने और जाने की समय सीमा भी तय की गई है। माध्यमिक शिक्षा के निदेशक कन्हैया प्रसाद श्रीवास्तव द्वारा जारी अधिसूचना में स्कूलों की नई टाइमिंग को लेकर आदेश दिया गया है। साथ ही पूर्व में इस संबंध में जारी आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।

इससे पहले 28 नवंबर 2023 को जारी आदेश के अनुसार शिक्षकों की ड्यूटी सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक थी। नई अधिसूचना के मुताबिक, स्कूल अब सुबह 10 बजे से शाम के चार बजे तक चलेंगे। शनिवार को दोपहर 2 बजे छुट्टी हो जायेगी। शिक्षक स्कूल सुबह 9.45 बजे आयेंगे और स्कूल के कार्यों का निष्पादन कर शाम को 4.15 बजे वापस चले जायेंगे। शाम 4.15 बजे स्कूल बंद हो जाएंगे।

–आईएएनएस

एमएनपी/एबीएम


Related Articles

Latest News