Sunday, February 15, 2026

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सीएम योगी आदित्यनाथ को बताया 'डायनमिक मुख्यमंत्री'


गोरखपुर, 22 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गुरुवार को गोरखपुर दौरे पर थीं। इस दौरान उन्होंने आयकर विभाग के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘डायनमिक मुख्यमंत्री’ बताया है।

आयकर विभाग के भवन लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सीएम योगी के लिए कहे गए अपने डायनमिक शब्द को समझाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 75 जिले हैं और एक साल में 52 सप्ताह होते हैं। योगी जी साल भर में प्रत्येक जिले का कम से कम एक बार दौरा जरूर कर लेते हैं। कुछ जिलों में यह संख्या और कई बार होती है। एक साल में 52 सप्ताह और 75 जिले में कम से कम एक बार जाने वाले चीफ मिनिस्टर योगी हैं। वह इंजन की तरह प्रदेश में घूमकर काम करते हैं। हर जिला ही उनके लिए हेडक्वार्टर है। उनसे लखनऊ में अपॉइंटमेंट मांगना ठीक नहीं है। उस दिन, उस सप्ताह, कहां होंगे, उधर जाना ही बेहतर होगा।

पहली बार गोरखपुर आगमन को लेकर सीतारमण ने कहा, ”फर्स्ट इंप्रेशन इज बेस्ट इंप्रेशन और मुझे गोरखपुर इतना सुंदर लगा जितना सोचा भी नहीं था।”

वित्त मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बार-बार यह साबित कर रही है कि जिसका शिलान्यास होगा, उसका उद्घाटन भी होगा। सभी परियोजनाओं के पूरा होने की गारंटी ही मोदी की गारंटी है। गोरखपुर के खाद कारखाना और एम्स का शिलान्यास जुलाई 2016 में किया गया और दिसंबर 2021 में लोकार्पण भी हुआ। गोरखपुर में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के रीजनल सेंटर का 2018 में शिलान्यास तो दिसंबर 2021 में उद्घाटन भी हुआ। 1978 से लंबित सरयू नहर परियोजना का उद्घाटन दिसंबर 2021 में पीएम मोदी ने किया। यह परियोजना पूर्वी उत्तर प्रदेश के 9 जनपदों के 6,200 गांवों में रहने वाले 29 लाख किसानों को सिंचाई की सुविधा दे रही है। इस परियोजना के शुरू हो जाने से 14 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई आसान हुई है।

उन्होंने आयकर विभाग की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 16.77 प्रतिशत बढ़ा है। इसके साथ ही अप्रैल 2023 से 10 जनवरी 2024 तक 2.48 लाख करोड़ रुपये का टैक्स रिफंड भी किया गया है। साठ-सत्तर के दशक से वर्ष 2009 तक पुराने टैक्स क्लेम के मामलों में 25 हजार रुपये की धनराशि पर राहत प्रदान की गई है। फेसलेस सिस्टम के चलते शिकायतों में 60 प्रतिशत कमी आई है। आयकर विभाग प्रतिदिन 1.66 करोड़ असेसमेंट कर लेता है। जबकि, एक सप्ताह में 3.43 करोड़ इनकम टैक्स रिटर्न की प्रक्रिया पूरी कर ली जाती है।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों की सोच बदल दी है। उनके नेतृत्व में अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है तो जनकल्याण के भी व्यापक कार्यक्रम जारी हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने यूपी का चेहरा बदल दिया है। जिस उत्तर प्रदेश को दंगा प्रदेश माना जाता था, बीमारू राज्य कहा जाता था, जहां लोग आने में, निवेश करने को तैयार नहीं होते थे। आज सीएम योगी के नेतृत्व में वही उत्तर प्रदेश कई मायनों में नंबर एक बन गया है। यह प्रदेश खाद्यान्न उत्पादन, गन्ना उत्पादन, दूध उत्पादन, इंफ्रास्ट्रक्चर आदि मामलों में देश में नंबर एक है।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम


Related Articles

Latest News